
Annapurna milk scheme launched in bhilwara
जहाजपुर.कोटड़ी।
सरकार भले बच्चों को मीठा दूध पिलाना भूल गई, लेकिन जिले के एक विधायक ने अनूठी पहल करते हुए बच्चों के दूध में मिठास घोल दी। जहाजपुर विधायक धीरज गुर्जर ने अपने वेतन से पूरे विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए 20 क्विंटल शक्कर देने की घोषणा की। यह शक्कर एक माह के खपत के बराबर है।
गुर्जर ने योजना की सराहना तो की, लेकिन इसमें कमी बताते हुए कहा कि बच्चों को भले कम मीठा दो, लेकिन दूध में शक्कर तो जरूरी है। वे इसके लिए अपने वेतन से पूरे विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में 20 क्विंटल शक्कर देंगे। यह जहाजपुर विस क्षेत्र के 559 स्कूलों में दी जाएगी। गुर्जर ने जहाजपुर और कोटड़ी में दुग्ध योजना का शुभारम्भ किया।
विधायक 5 किलो शक्कर भी अपने साथ लेकर आए व दूध को मीठा करवा कर अपने हाथ से पिलाया। पंचायत समिति की मांडलगढ़ विधान सभा क्षेत्र में आने वाली 13 पंचायतो में प्रधान सुमन नीरज गुर्जर ने एक माह तक शक्कर देने की घोषणा की गई।
भामाशाहों ने भी दिया योगदान
जिले में दुग्ध योजना में भामाशाहों ने भी योगदान दिया। करेड़ा में जहां दूध के लिए तीन सौ किलो शक्कर दी गई, वहीं मांडल में स्वयंसेवी संस्थान ने दूध और बर्तन खरीदने में मदद की।
अन्नपूर्णा दुग्ध योजना का पहला दिन
73.10 फीसदी सफल रही योजना
भीलवाड़ा. स्कूली बच्चों को गर्म दूध पिलाने की 'अन्नपूर्णा दुग्ध योजना का सोमवार को शुभारंभ हुआ। इसके तहत सप्ताह में तीन दिन बच्चों को गर्म दूध पिलाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम यहां सुभाषनगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ। इसमें दो सौ बच्चों को बिस्किट का पैकट और दूध दिया गया।
जिले की 2,915 सरकारी स्कूलों में 8वीं तक के 2 लाख 65 हजार 71 विद्यार्थियों को दूध पिलाना था। योजना के पहले दिन जिले में प्राथमिक स्तर के 1,20,641 छात्र-छात्राओं ने 18,096.150लीटर और मिडिल स्तर के 73,134 छात्र-छात्राओं ने 14,626.800 लीटर दूध पिया। नामांकित विद्यार्थियों के मुकाबले कुल 1,93,775 लाभान्वित हुए तथा 71,296 वंचित रहे। यानी पहले दिन जिले में दिन 73.10 फीसदी बच्चों ने दूध पिया।
Updated on:
3 Jul 2018, 4:45 PM IST
Published on:
3 Jul 2018, 4:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.