12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा: सरकारी नौकरी की आस में पहुंचे पीजी तक पढ़े युवा

चूड़ियां और नोजपिन तक उतरवाई महिला अभ्यर्थियों से चूड़ियां और नोजपिन तक उतरवाई

less than 1 minute read
Google source verification
Class IV Recruitment Exam: Young people who have studied up to PG level have come in the hope of getting a government job.

Class IV Recruitment Exam: Young people who have studied up to PG level have come in the hope of getting a government job.

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की चतुर्थ श्रेणी सीधी भर्ती परीक्षा शुक्रवार को 21 केंद्रों पर शुरू हुई। पहली पारी में 87.75 तथा दूसरी पारी में 88.85 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले कड़ी सुरक्षा जांच की गई। इससे महिला अभ्यर्थियों को चूड़ियां, नोजपिन और अन्य आभूषण उतारने पड़े। इस परीक्षा में यह भी देखने को मिला कि स्नातकोत्तर (पीजी) तक की शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थी भी सरकारी नौकरी पाने के लिए अपना भाग्य आजमाने पहुंचे हैं।

सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जमा हो गई थी। एक घंटा पहले प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के कारण परीक्षार्थी सुबह 8 बजे ही पहुंच गए। महिला अभ्यर्थियों के हाथों से चूड़ियां, बालों से बकल, नाक से नोजपिन के साथ ही पायल और अंगूठी तक बाहर निकलवाई गईं। गहन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया।

केंद्रों के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मी, महिला पुलिसकर्मी और परीक्षा सुरक्षा गार्डों ने हैंड डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की जांच की। परीक्षा केंद्रों के आसपास सादी वर्दी में पुलिस जवान तैनात रहे, जिन्होंने परीक्षा शुरू होने से पहले ही निगरानी शुरू कर दी थी। पुलिस की मोबाइल टीमें भी केंद्र के मार्गों पर गश्त करती रही। अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावक परीक्षा केंद्र के बाहर दूसरे छोर पर खड़े रहे।

जिला समन्वयक ने बताया कि पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा के लिए कुल 6288 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5518 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 770 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जिससे पहली पारी में 87.75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। इसी प्रकार दूसरी पारी में 6288 पंजीकृत अभ्यर्थी में से 5587 ने परीक्षा दी। जबकि 701 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 88.85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।