भीलवाड़ा

भीलवाड़ा के पुलिस लाइन में खुलेगा साइबर थाना

- सीएम के गजट नोटिफिकेशन के बाद एसपी ने लिया निर्णय - एक-एक डीएसपी व सीआई और तीन उपनिरीक्षक बैठेंगे

less than 1 minute read
Nov 12, 2022
भीलवाड़ा के पुलिस लाइन में खुलेगा साइबर थाना

प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराध की रोकथाम और आमजन को उनके खतरे से सुरक्षा के लिए सरकार ने एक कदम और बढ़ाया है। बजट में हर जिले में साइबर थाना खोलने की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री ने इस सम्बंध में गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया। लिहाजा भीलवाड़ा में भी साइबर थाना खोलने की राह खुल गई है। पुलिस लाइन में साइबर थाने का श्रीगणेश होगा। पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू ने इस सम्बंध में आदेश जारी किया। यहां पर एक डीएसपी, एक सीआई और तीन उपनिरीक्षकों की तैनाती होगी। इस थाने में जिले के समस्त पुलिस थाना का क्षेत्राधिकार होगा।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल ईको सिस्टम की साइबर खतरों से सुरक्षा सुदृढ़ करने एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में साइबर पुलिस स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की थी। सरकार की ओर से गजट नोटिफिकेशन का इंतजार था। यह इंतजार खत्म हुआ और गजट नोटिफिकेशन जारी होते ही फिलहाल भीलवाड़ा के पुलिस लाइन में साइबर थाना खोलने का निर्णय लिया गया। साइबर थाने के भवन को लेकर कोई प्रावधान नहीं किया गया था, लेकिन बताते है कि इसके लिए भी अलग से भवन बनाने की प्रक्रिया होगी। पूरे प्रदेश में साइबर थानों के भवन का सेटअप तकनीकी के साथ एक जैसी डिजाइन हो इसके लिए भी पुलिस महकमा मंथन कर रहा है। थाना खुलने से इंटरनेट, सोशल मीडिया, कंप्यूटर, मोबाइल के जरिए होने वाली ठगी की घटनाओं में कमी लाने तथा तुरंत कार्रवाई कर पीडि़त को राहत दिलाई जा सकेगी।

Published on:
12 Nov 2022 11:38 am
Also Read
View All

अगली खबर