
भीलवाड़ा का सर्किट हाउस। फोटो पत्रिका
Rajasthan Government Decision : राजस्थान सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अहम फैसला लेते हुए प्रदेश के सभी सर्किट हाउस (विश्राम भवनों) के द्वार अब निजी मेहमानों के लिए भी खोल दिए हैं। विभाग के संयुक्त शासन सचिव दाताराम के नवीन आदेशों के बाद, अब भीलवाड़ा के सर्किट हाउस में भी आम नागरिक ठहर सकेंगे। सरकार के इस फैसले से यहां भी रौनक बढ़ जाएगी।
राजस्थान के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के तहत यहां आवास की सुविधा और पूर्व आरक्षण विभागीय नियमों के अधीन होगा। सरकारी दौरों पर आने वाले अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि सरकार के मंत्रियों के लिए यहां के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। जिसके बाद उपलब्धता के आधार पर निजी बुकिंग स्वीकार की जाएगी।
राजस्थान के सर्किट हाउस अपनी भव्यता और बेहतरीन लोकेशन के लिए जाने जाते हैं। यहां ठहरने वाले मेहमानों को किफायती और सुरक्षित आवास के साथ शहर के मुख्य केंद्रों में स्थित सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
यहां शुद्ध और पारंपरिक राजस्थानी भोजन के साथ-साथ कस्टमाइज्ड डाइट की सुविधा मिलेगी। हेरिटेज लुक और आधुनिक सुविधाओं (एसी, वाई-फाई, टीवी) से लैस बड़े कमरे यहां खास होंगे। पार्किंग और लॉन में पर्याप्त पार्किंग स्पेस और टहलने के लिए सुंदर बगीचे विशेषता रहेगी। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए इच्छुक व्यक्ति विभागीय पोर्टल या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
Updated on:
09 Feb 2026 01:41 pm
Published on:
09 Feb 2026 01:41 pm
