
बनास नदी में डूबे युवक का शव 22 घंटे बाद मिला, आक्रोशित युवकों ने की तोड़फोड़, बाजार बंद
पारोली में गणेश विसर्जन के दौरान बनास नदी में डूबे युवक का शव 22 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर तलाश लिया गया। रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था । घटना से पारोली में शोक की लहर छा गई। बाजार बंद रहे। इससे पहले प्रशासन पर तलाशी अभियान में ढिलाई का आरोप लगाते हुए आक्रोशित युवकों ने बाजार में तोड़फोड़ की। इससे माहौल गरमा गया। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश करके मामले को शांत किया।
थानाप्रभारी नंदसिंह ने बताया कि पारोली से लोग गुरुवार शाम को ढोल-नगाड़े के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन करने बनास नदी पहुंचे। यहां विसर्जन किया जा रहा था। कुछ युवक प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी में उतर गए। गहराई में जाने से चार युवक डूबने लगे। तीन को बचा लिया गया। जबकि ओमप्रकाश खटीक का पता नहीं चला। देर रात तक गोताखोरों ने तलाश की। रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोका गया। इस बीच ओमप्रकाश की शुक्रवार से दुबारा से गोताखोरों ने आपदा प्रबंधन की टीम के साथ तलाश की।
युवकों का उत्पात, गरमाया माहौल
तलाशी अभियान में लेटलतीफी का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ युवक आक्रोशित हो गए। कुछ लोगों ने पारोली के बाजार में तोड़फोड़ कर दी। एक दुकान में घुसकर काउंटर तोड़ दिया। मारपीट में व्यापारी रामराय काबरा घायल हो गया। युवकों की हरकत से व्यापारी विरोध में आ गए। उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बाजार बंद करा दिए। कार्रवाई नहीं होने तक बाजार नहीं खोलने का ऐलान कर दिया। उधर, घायल व्यापारी को पुलिस ने मेडीकल करवाया व जिला अस्पताल रैफर किया। उपखंड अधिकारी जोगेन्द्रसिंह व कोटड़ी डीएसपी श्यामसुंदर विश्नोई समेत अन्य अफसर वहां पहुंचे। तलाशी अभियान ने जोर पकड़ा। करीब 22 घंटे बाद ओमप्रकाश का शव बाहर निकाल लिया गया। परिजन रातभर नदी किनारे बैठे रहे। शव बाहर निकलते ही कोहराम मच गया। कस्बे में शोक की लहर छा गई।
Published on:
01 Oct 2023 11:59 am

बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
