
लंका जले-हनुमान बाहर, अमरीका-ईरान खुद को कर रहे कमजोर, यह भारत के लिए अच्छा: बागड़े
वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्ध और तनाव के बीच राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को भीलवाड़ा के मेडिसिटी ग्राउंड में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) की ओर से आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल बागड़े शामिल हुए। उन्होंने अमरीका-इजराइल और ईरान के टकराव पर बेबाकी से अपनी बात रखी। राज्यपाल ने कहा कि ये देश लड़कर खुद को कमजोर कर रहे हैं, जो भारत के लिए ठीक है। हमारी स्थिति लंका जले-हनुमान बाहर जैसी है। उधर कुछ भी हो, भारत को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि अब उन्होंने भी युद्धविराम की घोषणा कर दी है। राज्यपाल ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में भारत को एकजुटता की सख्त जरूरत है। नवकार मंत्र एक अलौकिक मंत्र है, जो अहिंसा और अनेकांतवाद पर आधारित है। यह किसी व्यक्ति की स्तुति नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और साधना का प्रतीक है। बागड़े ने कहा कि शब्द हमारी अभिव्यक्ति का माध्यम हैं। जो कम बोलता है, उसकी बात को हमेशा गंभीरता से सुना जाता है। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के मांगीतुंगी में स्थित भगवान ऋषभदेव की 108 फीट ऊंची प्रतिमा को दुनिया की सबसे ऊंची जैन प्रतिमा बताते हुए तीर्थंकरों के मोक्ष मार्ग को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत और अतिथियों की ओर से दीप प्रज्ज्वलन से हुई। जयवंती अजमेरा के नेतृत्व में अशोक सेठी, मुकेश पाटोदी, अर्चित पाटोदी, रागिनी एवं मोनिका जैन ने भावपूर्ण और लयबद्ध शैली में जाप किया। विभिन्न विद्यालयों के करीब 1500 बच्चों ने भी जाप में हिस्सा लिया। इससे पूर्व राज्यपाल के पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचने पर कलक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द सिंह यादव, राजेन्द्र गोखरू व पुष्पा गोखरू ने स्वागत किया।
आयोजन के संयोजक प्रतीक कावड़िया व लोकेश अजमेरा ने बताया कि समारोह में विधायक गोपाल खंडेलवाल, लादूलाल पितलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाडा, चैप्टर चेयरमैन मीठालाल सिंघवी, संरक्षक तिलोक चंद छाबडा, सिद्धार्थ अजमेरा, सिद्धार्थ कावड़िया, ओम नराणीवाल, कैलाश कोठारी, एसएन मोदानी और सुभाष बहेडि़या मौजूद रहे। संचालन जीतो के चीफ सेक्रेटरी मनीष शाह एवं निशांत जैन ने किया।
Published on:
10 Apr 2026 08:53 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
