भीलवाड़ा. खेल और युवा मामलात मंत्री अशोक चांदना ने बेरोजगारी के लिए मोबाइल को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि युवा सोशल मीडिया पर 90 प्रतिशत समय खराब कर रहे है।
मोबाइल का इस्तेमाल बंद करे। युवाओं का बड़ा वर्ग ऑनलाइन सट्टे में लिप्त है। कमाई का यह शॉर्ट कट बंद किया जाए। चांदना बुधवार को प्रतापनगर स्कूल में राजस्थान मेगा जॉब फेयर के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
चांदना ने कहा कि खेलो इंडिया में पहले 10 से 15 मेडल आते थे। राज्य तालिका में राजस्थान कभी शीर्ष 10 में नहीं आया लेकिन इस बार 48 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है।
10 लाख ने छोड़ा देश
चांदना ने कहा, नोटबंदी ने देश को बर्बाद किया। इसके बाद जीएसटी लागू हो गई। बड़े उदयोगपतियों ने विदेशों में निवेश किया। बीते 9 साल में करीब 10 लाख लोग भारत की नागरिकता छोड़ चुके हैं।
कांग्रेस में सब ठीक
चांदना ने कहा कि कांग्रेस में पहले से बहुत अच्छा चल रहा है। सचिन पायलट के अलग पार्टी बनाने के सवाल पर बोले-सोशल मीडिया को सही मान लिया जाए तो दुनिया ही खत्म हो जाएगी।
भाजपा की चाल व चरित्र आया सामने
दिल्ली में पहलवानों के धरने पर चांदना बोले, भाजपा की चाल, चरित्र सामने आ गया। प्रधानमंत्री व मंत्री मुंह छुपाए बैठे रहे। प्रधानमंत्री को इस बारे में बयान देना चाहिए था। खेलमंंत्री ने खिलाडि़यों से मुलाकात में देरी कर दी।