
जंगल में दस दिन पुराना लापता महिला का शव पेड़ पर लटका मिला
रायपुर।
क्षेत्र के मोखुंदा गांव के निकट जंगल में एक पखवाड़े से लापता चल रही महिला का दस दिन पुराना शव पेड़ पर लटका मिला। शव बुरी तरह सड़ांध मार रहा था। रायपुर थाना पुलिस ने फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के अनुसार मोखुंदा निवासी चुन्नीलाल रेगर की नारायणी (40) गत 6 अक्टूबर को परिजनों को बिना बताए घर से निकल गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं लगा। इस बीच गुमशुदगी का मामला रायपुर थाने में दर्ज कराया गया था। इस बीच दोपहर में जंगल में मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने नारायणी का शव बबूल के पेड़ पर लटका देखा। सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव नीचे उतरवा कर उसकी पहचान की। परिजनों को बुलाया गया। मौके पर ही पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस के अनुसार पिछले चार साल से नारायणी की दिमागी हालत ठीक नहीं चल रही थी। उसका उदयपुर में इलाज चल रहा था। मृतका के तीन बच्चे है। पुलिस आत्महत्या मानकर मामले की जांच कर रही है।
जेतपुरा बांध में डूबने से युवक की मौत, बारह घण्टे बाद निकाला शव
माण्डलगढ़ क्षेत्र के जेतपुरा बांध में शनिवार को डूबने से युवक की मौत हो गई। बारह घण्टे बाद रविवार को शव बाहर निकाल लिया गया। माण्डलगढ़ थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। थानाप्रभारी गजेन्द्रसिंह के अनुसार जेतपुरा निवासी पन्नालाल बलाई का 20 वर्षीय पुत्र धर्मराज की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। इसके चलते उसके पिता के साथ जेतपुरा बांध के पेटे में एक धर्मस्थल पर रह रहा था। इस बीच शनिवार शाम को बांध की तरफ चला गया। वहां पैर फिसलने से बांध में गिर गया। इससे उसकी डूबने से मौत हो गई। वहां बकरियां चरा रही महिला ने देख लिया। उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए। सूचना पर माण्डलगढ़ पुलिस वहां पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव तलाशने का प्रयास हुआ। अंधेरा होने से तलाशी का काम रोक दिया। इस बीच रविवार सुबह दुबारा से गोताखोरों की मदद से शव को तलाशा गया। करीब बारह घण्टे बाद सुबह साढ़े आठ बजे शव को बाहर निकाल लिया गया। माण्डलगढ़ अस्पताल स्थित मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द किया।
Published on:
22 Oct 2017 10:22 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
