सुभाषनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को हनी ट्रेप के बड़े मामले का खुलासा किया। सरकारी शिक्षक को हनी ट्रेप करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर तीन महिलाओं समेत पांच जनों को गिरफ्तार किया। गैंग पीडि़त को प्यार के झांसे में लेकर घर बुलाती और शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो खींचकर ब्लैकमेल करती। आरोपी महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि भीलवाड़ा पुलिस भी दागदार है। चौकाने वाला तथ्य है कि शहर समेत जिले के कुछ थानों में जमे पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से ही हनी ट्रेप की गैंग ऑपरेट हो रही थी। हनी ट्रेप में उद्योगपति, व्यापारी, प्रोपर्टी डीलर, डॉक्टर समेत कई जनों को निशाना बनाया।
आरोपी महिलाओं ने छह मामले बलात्कार के भी दर्ज करवाए। इन मामले में चार वकील और एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ने दलाल की भूमिका निभाकर समझौता करवाया। लाखों रुपए समझौते के नाम पर नामजद व्यक्ति से ऐंठे गए। आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। थानाप्रभारी नंदलाल रिणवा ने बताया कि रिटायर फौजी एवं सरकारी शिक्षक कोटड़ी हाल अहिंसा सर्किल के निकट रहने वाले भैरूलाल जाट ने गत 4 मार्च को धमका कर ब्लैकमेल कर एक लाख दस हजार रुपए ऐंठने का मामला दर्ज कराया। मामले में राजपुरा (कारोई) हाल विनायक सिटी निवासी मुकेश सेन, सुवाणा हाल विनायक सिटी निवासी मनोज सोनी, नाहरी जोगरास हाल विनायक सिटी निवासी मैना उर्फ मीना राव पत्नी नारायण राव, माया उर्फ पूजा पत्नी मुकेश सेन तथा लसुडिया थाना मल्हारगढ़ (मध्यप्रदेश) हाल मंडपिया निवासी कृष्णा पत्नी जितेन्द्रकुमार शर्मा को गिरफ्तार किया।
भर्ती के दौरान पहचान, प्रोपर्टी खरीदने के बहाने बुलाया
सीआई रिणवा ने बताया कि परिवादी भैरूलाल के बीमार होने पर वह महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती हुआ। वार्ड में भर्ती के दौरान नर्सिंगकर्मी कृष्णा शर्मा ने दोस्ती बढ़ाई। बातों में उलझा कर कृष्णा ने पता कर लिया कि परिवादी भैरूलाल की पत्नी गांव में रहती और वह शिक्षक है। डिस्चार्ज होने से पहले कृष्णा ने भैरूलाल के मोबाइल नम्बर ले लिए। फोन करके कृष्णा ने एक महिला के नम्बर दिए और कहा उसकी सहेली माया को भूखंड की आवश्यकता है। इस दौरान माया ने फोन करके बुलाया। गत 4 मार्च को फोन करने पर परिवादी थाना क्षेत्र से पहले एक मकान में गया। वहां पहले से आरोपी माया और मैना मौजूद थी।
पानी में मिलाया नशीला पदार्थ, खींच लिए आपत्तिजनक फोटो
वहां माया ने पानी पिलाया। पानी में नशीला पदार्थ मिला दिया। इससे भैरू बेहोशी की हालत में आ गया। उसके बाद मैना के साथ आपत्तिजनक फोटो खींच लिए और वीडियो बना दिया। इस दौरान दोनों युवक मुकेश सेन व मनोज सोनी आ गए। दोनों ने भैरू के साथ मारपीट की। इससे भैरू के सिर में दो टांके आए। उन्होंने साजिश के तहत भैरू के मोबाइल से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करते हुए एक लाख दस हजार रुपए ले लिए। आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने और बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराने का डर बैठाया। जैसे-तैसे परिवादी वहां से निकल कर सुभाषनगर थाने पहुंचा और आपबीती बताई। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं समेत पांच जनों को गिरफ्तार किया। सुभाषनगर थानाप्रभारी नंदलाल रिणवा ने बताया कि आरोपी महिलाओं से पूछताछ में सामने आया कि अब तक मांडलगढ़, जहाजपुर, सदर, प्रतापनगर समेत कई थानों में बलात्कार के छह मुकदमे दर्ज हुए। बाद में समझौता हुआ। जबकि बलात्कार में परिवाद की फेहरिस्त तो काफी लम्बी है। भीमगंज थाने में एक उद्योगपति के खिलाफ भी रिपोर्ट गैंग की ओर से दी गई। जिसमें वकील और पुलिसकर्मी के जरिए समझौता हुआ और रकम की बड़ी डील हुई। इसके बाद मामले को ऊपर ही ऊपर निपटा कर शांत किया। आरोपी महिलाओं ने बताया कि पीडि़त से मिलने वाली रकम को पुलिस से लेकर वकील और उनमें बंदरबांट होती थी।