
MP के लिए अच्छी खबर, 65 करोड़ रुपए से फोरलेन होगा सात किमी लंबा बायपास
भिण्ड. शहर का बायपास मार्ग फोरलेन में तब्दील होगा। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर खाका तैयार कर लिया है। वहीं कलेक्टर कार्यालय ने डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी है। बायपास मार्ग को फोरलेन व्यवस्था शहर के रिंगरोड बनने से पूर्व ही कर ली जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आए दिन बढ़ रहे हादसों को ध्यान में रखते हुए सांसद संध्या राय एवं विधायक संजीव सिंह कुशवाह द्वारा संयुक्त रूप से शहर के बायपास मार्ग को फोरलेन में तब्दील किए जाने के लिए खाका खींचा था। डेढ़ माह पूर्व हुई बैठक में दोनों ही जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को इसकी डीपीआर तैयार करने के लिए कहा था।
दोपहिया वाहन, कार तथा ट्रक-बस जैसे बड़े वाहनों के लिए होगा अलग-वे
उल्लेखनीय है कि शहर के इंदिरा गांधी चौराहा से विश्रामगृह, लहार चुंगी एवं भारौली तिराहा होते हुए सुभाष तिराहे तक करीब सात किमी लंबे बायपास मार्ग पर दोपहिया वाहनों के लिए अलग वे होगा जबकि कारों के लिए अलग सडक़ होगी। बस, ट्रक जैसे बड़े वाहनों के लिए अलग सडक़ बनेगी। ऐसे में आए दिन हो रहे हादसों पर प्रभावी अंकुश लगने के अलावा आवागमन की सुविधा भी सुगम होगी।
बायपास मार्ग को फोरलेन बनाने में खर्च होंगे करीब 65 करोड़
बता दें कि शहर के लगभग ७ किमी लंबे बायपास मार्ग को फोरलेन बनाए जाने पर 65 करोड़ रुपए का अनुमानित खर्च बताया गया है। फोरलेन बनाए जाने की प्रक्रिया केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडक़री से स्वीकृति के बाद तत्काल शुरू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि शहर में लगभग १०० करोड़ की लागत से रिंगरोड बनाया जाना भी प्रस्तावित है। ऐसे में प्रशासन की योजना रिंगरोड बनने से पूर्व बायपास मार्ग को फोरलेन में तब्दील कर लिए जाने की है।
शहर के बीचों-बीच आ जाने के कारण बनाना पड़ रहा एडजस्टिंग फोरलेन बायपास
विदित हो कि बायपास मार्ग अब शहर के बीचोंबीच हो गया है। लिहाजा रिंग रोड बनने के उपरांत इसकी उपयोगिता शहर में आवागमन करने वाले वाहनों के लिए बेहद बढ़ जाएगी। हालांकि फोरलेन रिंगरोड से पहले ही बनकर तैयार होगा। उल्लेखनीय है कि बायपास पर फिलहाल औसतन प्रतिवर्ष १५ से १८ लोगों की मौत सडक़ हादसों में हो रही है। फोरलेन बनने के बाद हादसों पर अंकुश लगेगा।
डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति उपरांत बायपास को फोरलेन बनाए जाने के लिए टेंडर एवं निर्माण प्रक्रिया भी शुरू होगी।
डॉ. सतीश कुमार एस, कलेक्टर भिण्ड
शहर का आबादी के हिसाब से पिछले दो दशक में बेहद विस्तार हुआ है। ऐसे में सडक़ पर अधिक दबाव होने से आए दिन जानलेवा हादसे घटित हो रहे हैं। हादसों पर अंकुश एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से फोरलेन का निर्माण आवश्यक है।
संजीव सिंह कुशवाह, विधायक भिण्ड
Published on:
21 Mar 2022 07:19 pm
बड़ी खबरें
View Allभिंड
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
