
सरकारी स्कूल के दो शिक्षक और भृत्य पर एफआईआर के 20 दिन बाद भी नहीं हुई विभागीय कार्रवाई
भिण्ड. जिले में लहार क्षेत्र के आलमपुर सर्किल अंतर्गत गांगेपुरा शासकीय हाईस्कूल के दो प्राथमिक शिक्षक एवं एक भृत्य के खिलाफ धारा 427, 294, 323 एवं 506 के तहत केस दर्ज होने के 20 दिन बाद भी विभागीय कार्रवाई नहीं की गई है। कार्रवाई के नाम पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने आरोपी भृत्य व शिक्षकों को नजदीक के ही दूसरे अलग-अलग विद्यालयों में स्थानांतरित कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया है। ऐसे में फरियादी पक्ष को मामले की जांच प्रभावित किए जाने का डर सता रहा है।
जानकारी के अनुसार गांगेपुरा गांव के शासकीय हाईस्कूल में पदस्थ रहते शिक्षक रमेशचंद्र माहौर व कमलेश रायकवार के अलावा भृत्य अनूप शर्मा ने 11 फरवरी को विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा के पिता रविंद्र कुमार गुप्ता को बंधक बनाकर मारपीट की थी। दरअसल नवंबर 2022 में रविंद्र कुमार गुप्ता ने उसकी बेटी स्कूल में बर्तन धुलवाए जाने का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। इसी रंजिश पर जब वह एक दिन बेटी को स्कूल लेने पहुंचा तभी उसे पकडकऱ स्कूल के कक्ष में ले गए और मारपीट कर जान से मारने की धमकी भरी वारदात को अंजाम दिया। शिकायती आवेदन की जांच पर से पुलिस ने दोनों शिक्षक व भृत्य के खिलाफ 8 जून को एफआईआर दर्ज कर ली है।
- कार्रवाई के नाम पर किया तीनों आरोपियों का सिर्फ तबादला
गांगेपुरा हाईस्कूल में पदस्थ तीनों ही आरोपियों को शिक्षा विभाग की ओर से निलंबित किए जाने के बजाए अलग-अलग विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया है। प्राथमिक शिक्षक रमेशचंद्र माहौर को शासकीय प्राथमिक विज्ञद्यालय भांपर, कमलेश रायकवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा नंबर-2 एवं भृत्य अनूप शर्मा को शासकीय बालक उमावि आलमपुर में पदस्थ कर दिया है।
- पदों पर रहकर प्रभावित करेंगे जांच
आरोपी शिक्षकों और भृत्य को निलंबित किए जाने के बजाए उनके पदों पर काबिज बनाए रखने से वे मामले की जांच को अपने रसूख और विभाग में पुरानी पहचान के चलते प्रभावित करेंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से सांठगांठ के चलते कार्रवाई नहीं की जा रही है।
रविंद्र कुमार गुप्ता, फरियादी गांगेपुरा
- विभागीय जांच के बाद कार्रवाई करेंगे
दोनों शिक्षक व भृत्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर के संबंध में फिलहाल विभागीय जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शैलेंद्र सिंह कुशवाह, बीईओ लहार
----------------------
Updated on:
12 Jun 2023, 5:52 PM IST
Published on:
12 Jun 2023, 5:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.