
प्रसारण निगम से निकलने वाले फीडर होंगे खत्म, वितरण निगम के जीएसएस से होगी बिजली आपूर्ति
भिवाड़ी. अभी तक सैकड़ों औद्योगिक उपभोक्ताओं को 220 केवी जीएसएस बिलाहेड़ी और 132 केवी जीएसएस नीलम चौक से बिजली की आपूर्ति हो रही थी। अब प्रसारण निगम वितरण निगम के जीएसएस को आपूर्ति करेगा, उसके बाद उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होगी। बिलाहेड़ी में 33 केवी जीएसएस निर्माण चल रहा है और नीलम चौक पर जल्द शुरू होने वाला है। अभी तक बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान आने पर उपभोक्ताओं को वितरण निगम के साथ ही प्रसारण निगम के भी चक्कर लगाने पड़ते थे। जीएसएस में खराबी होने पर दोनों निगम की जिम्मेदारी की वजह से उपभोक्ताओं को उलझन होती थी। साथ ही दोनों विभागों में समन्वय की कमी होने पर कई बार उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और फॉल्ट निकालने के लिए परेशान होना पड़ता था। निगम से मिली जानकारी के अनुसार 220 केवी बिलाहेड़ी और 132 केवी जीएसएस नीलम चौक से 11 केवी के फीडर निकल रहे थे। 220 केवी से छह फीडर और 132 केवी से आठ फीडर थे, दोनों जगह पर करीब 1500 फैक्ट्रियां थीं। दोनों परिसर के अंदर 33 केवी के जीएसएस छह करोड़ की लागत से तैयार होंगे। जीएसएस तैयार होने के बाद बिजली वितरण की पूरी जिम्मेदारी ओएंडएम की हो जाएगी।
यह होगा लाभ
अभी तक वितरण निगम के जीएसएस से सीधी आपूर्ति थी। 1500 फैक्ट्रियों के क्षेत्र में बिजली संबंधी कोई भी समस्या आने पर प्रसारण और वितरण निगम की उलझन में उपभोक्ता फंस जाते थे। अब 33 केवी जीएसएस निर्माण होने से इनका रखरखाव वितरण निगम का होगा। यहीं से उपभोक्ताओं को आपूर्ति होगी। अगर कोई समस्या आएगी तो उन्हें दोनों निगम की जगह सिर्फ वितरण निगम में ही संपर्क करना होगा।
उद्यमियों को मिलेगा लाभ
क्षेत्र में नए जीएसएस निर्माण होने के बाद हजारों उपभोक्ताओं खासकर उद्यमियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी। जीएसएस पर विद्युत भार कम होगा। फीडर की दूरी कम होगी। इसकी वजह से फॉल्ट और ट्रिपिंग कम आएगी। निर्बाध बिजली आपूर्ति होने से उद्यमियों का उत्पादन बढ़ सकेगा। ट्रिपिंग और फॉल्ट से होने वाले नुकसान कम होंगे।
132 केवी नीलम चौक से 11 केवी का लोड हटाकर 33 केवी में लोड शिफ्ट जाएगा।
132/33 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए प्रस्ताव देंगे। 33 केवी का अलग स्टेशन बनेगा। अभी 11 केवी का लोड दे रहे हैं, नया जीएसएस बनने के बाद 33 से भार देंगे। महीपाल यादव, एसई, प्रसारण निगम
बिलाहेड़ी में निर्माण कार्य चल रहा है, नीलम चौक पर स्ट्रक्चर डिजायन स्वीकृत होने के बाद जल्द निर्माण शुरू हो जाएगा।
एससी महावर, एक्सईएन, वितरण निगम
Published on:
16 Apr 2026 06:18 pm
बड़ी खबरें
View Allभिवाड़ी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
