
भोपाल। शिवाजी महाराज टर्मिनस से जम्मूतवी जा रही एसी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के तीन कोच के एसी खराब हो जाने के कारण यात्रियों ने भोपाल स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। हंगामे के चलते ट्रेन स्टेशन पर दो घंटे से अधिक देर तक खड़ी रही। अधिकारी गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन एसी ठीक होने के बाद ही यात्रियों ने ट्रेन को आगे बढऩे दिया। इस दौरान ट्रेन में एसी फेल होने से तीन बच्चों की हालत बिगड़ गई। यह स्थिति एक या दो घंटे नहीं बल्कि मुंबई से भोपाल तक करीब 15 घंटे रही। जानकारी के अनुसार शिवाजी महाराज टर्मिनस से जम्मूतवी जा रही एसी सुपरफास्ट स्पेशल शुक्रवार-शनिवार की रात 12.41 बजे मुंबई से रवाना हुई। यात्रियों के अनुसार ट्रेन के तीन कोच के एसी मुंबई से ही खराब थे। इसकी शिकायत भी ट्विटर पर रेलवे से टटीइ स्टॉफ और गार्ड से की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। गर्मी और उमस के चलते तीन बच्चों की हालत बिगड़ गई। बच्चों की तबीयत खराब होते देख यात्री भडक़ गए। शनिवार को दोपहर लगभग 04.35 बजे जैसे ही ट्रेन भोपाल पहुंची यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान गार्ड से झूमाझटकी भी हुई। यात्रियों को हंगामा करता देख आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे गए। स्टेशन पर ही यात्रियों ने नारेबाजी और हंगामा कर एसी सही कराने की मांग करने लगे। अधिकारियों ने इसकी जानकारी कंट्रोल को दी। इस पर एडीआरएम समेत ब्रांच अधिकारी स्टेशन पहुंचे। एसी ठीक कराए गए। यात्री नीरज कुमार ने बताया कि एक कोच में एक ही परिवार के 40 महिला, पुरुष व बच्चे थे। लगभग 1.20 लाख रुपए के टिकट लिए थे। सभी जम्मूतवी जा रहे थे और मुंबई से बैठे थे। आरोप है कि कोच में पानी भी नहीं आ रहा था।
ट्रेन के एसी मुंबई से ही बंद थे। ट्रेन के भोपाल मंडल में प्रवेश करते ही शिकायत को गंभीरता से लिया गया। सभी खराब एसी ठीक कराकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। शिकायत से उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे।
-शोभन चौधुरी, डीआरएम भोपाल रेल मंडल
जिले के सभी स्कूलों में एक मई से 14 जून तक अवकाश
राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर भोपाल के आदेश पर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में एक मई से 14 जून तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला शिक्षाधिकारी धर्मेंद्र शर्मा के अनुसार कलेक्टर के आदेश के बाद सभी सीबीएसइ, सेंट्रल स्कूल सहित निजी स्कूलों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए हैं। स्टाफ के लिए स्कूल अपने कैलेंडर के अनुसार निर्देश जारी कर सकते हैं।
Published on:
29 Apr 2018 06:06 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
