
सलाहकार कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया
भोपाल। राजधानी भोपाल के पास नवनिर्मित हाईवे और पुल बह जाने पर राज्य सरकार ने सख्त एक्शन लिया है. कलियासोत पुल के पास सड़क बहने के मामले में प्रदेश सरकार ने इंजीनियर एसपी दुबे को निलंबित कर दिया है. साथ ही सलाहकार कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया गया है. लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई ने मामले की रिपोर्ट तलब की है. इसके अलावा पूरे मार्ग पर निर्मित संरचना की जांच करने के लिए आइआइटी रुड़की को निर्देश दिए गए हैं. यह जांच दो माह में पूरी करने को कहा गया है। तत्कालीन जिला प्रबंधक पवन अरोड़ा और तत्कालीन सहायक महाप्रबंधक डीके जैन के विरुद्ध सड़क विकास निगम ने विभागीय जांच भी प्रारंभ की है. इस बीच मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम ने कटाव स्थल पर भराव का काम भी प्रारंभ कर दिया है।
भोपाल- जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 12 पर सोमवार को हाईवे बह गया था. भोपाल और मंडीदीप के बीच कलियासोत पुल के पास लंबी सड़क बह गई. यह हाईवे करीब 529 करोड़ की लागत से बनवाया गया है. खास बात यह है कि यहां से पिछले साल ही आवागमन प्रारंभ हुआ है. इस घटना को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया. संबंधित इंजीनियर एसपी दुबे को निलंबित कर दिया गया है। सड़क की गुणवत्ता का काम देखने वाली कंपनी थीम इंजीनियरिंग को ब्लैक लिस्ट किया है। नई दिल्ली की निर्माण एजेंसी सीडीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को भी ब्लैक लिस्ट किया जा रहा है। सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक डीके जैन और तत्कालीन जिला प्रबंधक पवन अरोड़ा के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है।
इधर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक शशांक मिश्रा और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर जाकर हाईवे का निरीक्षण किया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त दो सर्विस लेन और दो मुख्य लेन पर यातायात पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया। यहां आठ लेन सड़क है. सोमवार को जैसे ही नवनिर्मित हाईवे बह जाने की घटना सामने आई, संबंधित विभागों और प्रदेश सरकार पर चौतरफा वार भी प्रारंभ हो गया. ऐसे में लोक निर्माण विभाग के मंत्री गोपाल भार्गव सक्रिय हुए. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इधर मंत्रालय में प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई की मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें बताया गया कि 24 जुलाई की रात कलियासोत बांध के गेट खोले जाने से पानी के तेज बहाव के कारण कलियासोत नदी पर बने पुल की अप्रोच रोड ढह गई. किनारे बनाई गई सुरक्षा दीवाल खिसकने से यह रोड गिर गई। इससे एक तरफ की सर्विस लेन कट गई। अधिकारियों के अनुसार पुल को कोई क्षति नहीं हुई है।
Published on:
25 Jul 2022 07:00 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
