बालाघाट से पूर्व सांसद और भाजपा के दिग्गज नेता कहे जाने वाले बोध सिंह भगत ने बुधवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस ज्वाइन कर ली है।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के नजदीक आते आते प्रदेश में दल बदल का सिलसिला भी तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा को छत्तीसगढ़ से सटे क्षेत्र बालाघाट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल, यहां बालाघाट से पूर्व सांसद और भाजपा के दिग्गज नेता कहे जाने वाले बोध सिंह भगत ने बुधवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। वह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ राजधानी भोपाल स्थित पीसीसी कार्यालय पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ली।
इस दौरान कांग्रेस विधायक हिना कावरे, पूर्व विधायक मधु भगत भी उनके साथ मौजूद रहे। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद बोध सिंह भगत ने अपने बयान में कहा कि, भाजपा के दिग्गज पट्ठेबाजी कर रहे हैं। अपने समर्थकों को टिकट दिलवा रहे हैं।
भाजपा को बड़ा झटका
आपको बता दें कि, बालाघाट में इसके पहले पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुभा मुंजारे कांग्रेस की सदस्यता ले चुकी हैं। दोनों नेता अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। बालाघाट जिले ओबीसी बहुल है और अधिकतर सीटों पर जीत-हार में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसे देखते हुए भगत के कांग्रेस में शामिल होने को बड़ा झटका माना जा रहा है।
ये नेता भी कांग्रेस से जुड़े
इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुदनी से भाजपा नेता राजेश पटेल ने भी बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ली है। इसके अलावा लोकतांत्रिक जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल भी कांग्रेस में शामिल हुए हैं।