1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

संसद की तरह विधानसभा में विधायकों के लिए होगा सेंट्रल हॉल

- स्थान का चयन किया सचिवालय ने, अब व्यवस्थाएं जुटाने की तैयारी

2 min read
Google source verification
bhopal

bhopal

भोपाल/ संसद भवन की तरह विधानसभा में सेंट्रल हॉल बनाया जाएगा। इसमें सांसदों की तरह विधायकों को सुविधाएं मिलेंगी। विधानसभा सचिवालय ने सेंट्रल हॉल के लिए स्थान का चयन कर लिया है। इसको तैयार करने के लिए डिजाइन इत्यादि मंजूर होने के बाद आगे की कार्यवाही शुरू होगी।

विधायकों की यह मांग लम्बे समय से रही है कि उनके लिए विधानसभा परिसर में ऐसा कोई स्थान नहीं हैं जहां वे जरूरत पडऩे पर एक साथ बैठ कर चर्चा कर सकें, या फिर फुर्सत के क्षणों में आपस में गपशप कर सकें। विधायकों की मांग पर विधानसभा सचिवालय ने इस पर विचार शुरू किया। चूंकि मामला विधायकों की सुविधा से जुड़ा था इसलिए सदन की सदस्य सुविधा समिति के पास यह प्रस्ताव भेजा गया।

समिति ने भी इस पर विचार किया। इस पर तय हुआ कि सदन के पास ही ऐसा कोई स्थान देखा जाए, जहां सत्र के दौरान विधायक जरूरत पडऩे पर सदन में जा सकें और सेंट्रल हॉल में जा सकें। सदन के पास करीब तीन हजार वर्ग फिट का स्थान भी मिल गया। हालांकि यह खुला स्थान है, अब इसे व्यवस्थित किया जाएगा।

विधायकों की सुविधा के मुताबिक तैयार होगा हॉल -

विधानसभा सदन की लॉबी से लगे हुए इस स्थान को विधायकों की सुविधा के हिसाब से तैयार किया जाएगा। यहां बेहतर बैठक व्यवस्था के साथ चाय, स्वल्पहार की व्यवस्था भी रहेगी। कई बार सत्र लम्बा खिंचने के कारण विधायकों को लगातार देर शाम तक बैठना होता है, इसलिए यहां वे कुछ समय के लिए आराम भी कर सकेंगे।

दिग्विजय काल में भी हुए थे प्रयास -

दिग्विजय सिंह शासनकाल में भी सेंट्रल हॉल के प्रयास हुए थे। उस दौरान यह प्रस्ताव आया था कि विधानसभा के मुख्य हॉल को सेंट्रल हॉल की तरह तब्दील कर दिया जाए, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी। इसका प्रमुख कारण यह रहा क्योंकि इसी हॉल में सदन और मंत्रियों के चेम्बर सहित अन्य कक्षों के द्वार खुलते हैं। इसे सेंट्रल हॉल में तब्दील कर देने से इसे अन्य लोगों के लिए यह स्थान प्रतिबंधित करना पड़ता। इससे यहां की पूरी व्यवस्थाएं गड़बड़ा जाती, इसलिए यह विचार ठण्डे बस्ते में डाल दिया गया।

ऐसा है संसद का सेट्रल हॉल -

संसद का सेंट्रल हॉल एक ऐसा स्थान है जहां सभी दलों के सांसदों के लिए बैठक व्यवस्था है। राज्यसभा और लोकसभा सदस्यों की सामूहिक बैठक भी इसी हॉल में होती है। साथ ही सांसदों के महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी यहीं होते हैं। इसलिए संसद भवन में इस सेट्रल हॉल का अलग महत्व है।

संसद के सेंट्रल हॉल की तरह एक हॉल की मांग विधायकों की लम्बे समय से रही है। इसके लिए स्थान चयन कर लिया गया है। स्पीकर के निर्देश पर आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

- घनश्याम सिंह, अध्यक्ष सदस्य सुविधा समिति मध्यप्रदेश विधानसभा