
रात में बंद रहती है स्ट्रीट लाइट, खंभों से बल्ब भी है गायब
भोपाल. कोलार क्षेत्र के कई मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट बंद है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दानिश कुंज के रहवासी मनोज वर्मा बताते हैं कि सड़कों पर मवेशी बैठे रहते हैं और स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरे में अक्सर वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। दानिश कुंज कोलार रोड की मुख्य सड़क की लाइटें आए दिन बंद रहती हैं। कई खंभों पर तो रोड के एक हिस्से की लाइट लगी हुई है और दूसरे हिस्से की लाइट गायब है। इस संबंध में कई बार शिकायतें भी की जा चुकी है, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकलता। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। रहवासियों का कहना है कि बारिश के दिनों में रात में काफी परेशानी हुई। गड्ढे और पानी भर जाने से वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी काफी मुश्किल हो गया है।
क्षेत्र के बुजुर्गों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट न होने से शाम के बाद घर से निकलने में परेशानी होती है, वहीं भोर में टहलने नहीं जा पाते, उसके लिए सूर्योदय का इंतजार करना पड़ता है। कई बार रात में वाहन चालक भी जब तेज गति से गाड़ी दौड़ाते हैं, तो हादसे का खतरा बना रहता है। स्ट्रीट लाइट न होने से अपराध के मामलों में भी बढ़ोतरी हो रही है। शाम होने के बाद ही जहां कई बार असामाजिक तत्वों का जमावड़ा क्षेत्र में देखा जा चुका है, वहीं चोरी की आशंका भी बनी रहती है। रहवासियों का कहना है कि पुलिस की गश्त पर्याप्त नहीं है, जिससे निजी सुरक्षा गार्डों के भरोसे रहना पड़ता है, जो अक्सर रात में सो जाते हैं। रहवासियों ने मांग की है कि कोलार क्षेत्र की सभी कॉलोनियों और उनकी तरफ जाने वाले रास्तों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तत्काल की जाए, जिससे हादसों और अपराधिक घटनाओं पर रोक लग सके।
Published on:
9 Sep 2021, 12:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.