
सात दिन में 20 केस, गोविंदपुरा से रोज एक-दो मामले
भोपाल. राजधानी में बीते 7 दिनों में 20 लागों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। गोविंदपुरा वृत्त में रोज एक या दो केस आ रहे हैं। शहर और कोलार में एक दिन छोड़कर केस आ रहे हैं। रविवार की स्थिति देखें तो गोविंदपुरा ही ऐसा क्षेत्र है, जहां संक्रमण बढ़ता दिख रहा है। यहां अधिकतर लोगों को फस्र्ट डोज लग चुका है, लेकिन दूसरी लहर में जो लोग पॉजिटिव आए थे, उनमें से काफी वैक्सीन लगवाने नहीं आ रहे। इन लोगों को बाहर निकालने के लिए नगर निगम के वाहनों से वैक्सीन सेंटरों के बारे में अनाउंसमेंट कराया जा रहा है। वैक्सीनेशन वैन भी चलाई जा रही है। गोविंदपुरा वृत्त में भेल सहित अवधपुरी, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड से लेकर करोंद तक है। इसमें मिश्रित आबादी रहती है। इसमे काफी मजदूर वर्ग भी है। रायसेन रोड पर भी आबादी बढ़ गई है। ऐसे में यहां रोज 700 सैम्पल हो रहे हैं। इनमें एक-दो पॉजिटिव आ रहे हैं। जानकारों की मानें तो ये कोरोना की चेन बनने के संकेत हो सकते हैं।
अब आगे बढ़ सकता है
दूसरी लहर के दौरान ही तीसरी लहर की चेतावनी जारी करने वाले विशेषज्ञों ने अक्टूबर में कोरोना की तीसरी लहर का पीक आने का अनुमान लगाया था। लेकिन अब ये आगे बढ़ता दिख रहा है। क्योंकि विशेषज्ञों ने अगस्त के आखिरी सप्ताह से केस बढऩे की आशंका जताई थी, लेकिन ये सितंबर के सप्ताह में आकर बढ़ते दिख रहे हैं।
वैक्सीनेशन बढ़ाने का लक्ष्य
जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के लिए कभी स्पेशल कैम्प तो कभी मोबाइल वैन संचालित करा रहे हैं। रविवार को भी बिना पूर्व निर्धारण के कई स्थानों पर वैक्सीनेशन हुआ, जिसमें करीब 1500 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिले में 17 लाख 52 हजार 417 लोगों को पहला डोज तो 6 लाख 85 हजार 488 को दूसरा डोज लग चुका है।
Published on:
6 Sep 2021, 1:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.