
Daamaad spying Sasur: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुर्का पहनकर घूम रहे तीन युवकों को पब्लिक ने पकड़कर जमकर धुन डाला। घटना भोपाल के बागसेवनिया इलाके की है बुर्का पहने युवकों की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि किस तरह से युवक अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहने हुए थे। बताया जा रहा है कि एक युवक अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर बुर्का पहनकर ससुर की जासूसी कर रहा था और इसी दौरान ये घटना घटी।
देखें वीडियो-
बागसेवनिया थाना इलाके में बुधवार रात को बुर्का पहनकर घूम रहे तीन युवकों की लोगों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला थाने पहुंच चुका है। बागसेवनिया थाना टीआई अमित सोनी ने बताया कि ये अमरई का रहने वाला राजेश कुमार नाम का शख्स पिछले 11 सालों से अपनी पत्नी से अलग रहा है। पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ अलग रहती है जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है और दूसरी का रिश्ता तय हो चुका है। बीते दिनों पत्नी ने दूसरी बेटी की शादी के लिए पति राजेश कुमार से पैसे मांगे थे और राजेश ने पैसे देने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद राजेश की पत्नी ने अपने दामाद को जासूसी करने के लिए भेजा था।
ससुर राजेश की जासूसी करने आया दामाद अपने दो दोस्तों के साथ बुर्का पहनकर उसका पीछा कर रहे थे। इसी दौरान बुर्का पहने युवकों के जूतों ने उनका राज खोल दिया। जब बुर्के के युवक होने का पता चला तो पब्लिक जमा हो गई और हंगामा हो गया इसी दौरान लोगों ने दामाद व उसके दो दोस्तों की न केवल जमकर पिटाई की बल्कि उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। दामाद ने मामले की शिकायत बागसेवनिया थाना पुलिस से की है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
29 Oct 2024, 9:29 AM IST
Published on:
26 Oct 2024, 6:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.