2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

व्यापमं घोटाले ने प्रदेश को बदनाम किया, अब सेना के नाम पर भाजपा वाले वोट मांग रहे- दिग्विजय

प्रदूषण मुक्त, सुंदर शहर और रोजगार देना मेरा लक्ष्य, बैरागढ़ के पास हो कपड़े का औद्योगिक केन्द्र लोकसभा प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने लालघाटी में आमसभा को किया संबोधित

2 min read
Google source verification
news

digvijay singh

भोपाल. कांग्रेस के लोकसभा के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को लालघाटी पहुंचकर आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से मेरे निजी संबंध रहे हैं।

मैं आप लोगों को अपने परिवार का सदस्य मानता हूं और आपके परिवार का सदस्य बनने आया हूं। आपके लिए बिना पैसे के वकील की तरह पांच साल काम करुंगा। मतदाताओं के लिए मैं जो भी कर सकता था किया। कभी भी मेरे संवादहीनता की स्थिति नहीं रही। मेरे मतदाताओं के लिए मैंने कभी दरवाजे बंद नहीं किए हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है भोपाल को और सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाया जाए। पिछले 15 साल में नागपुर, पुणे, हैदारबाद जैसे शहर हमसे आगे निकल गए। यहां व्यापमं घोटाला हुआ, जिसने पूरे प्रदेश को बदनाम कर दिया। शिक्षण संस्थाओं को बदनाम कर दिया। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विवि में भ्रष्टाचार पनप गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सेना के नाम पर वोट मांग रही है।

मैं मोदीजी के उस भाषण की निंदा करता हूं, जिसमें वो यह कह रहे कि शहीदों के नाम वोट देना। उन्होंने कहा कि सेना का राजनीतिकरण मत करो। हम ऐसा हिंदू चाहते हैं, जिस पर मुसलमान भरोसा करे, और ऐसा मुसलमान चाहते हैं जिस पर हिंदू भरोसा करे।


स्मार्ट सिटी में सुविधाएं नहीं

भाजपा की सरकार भोपाल का मास्टर प्लान नहीं ला पाई। इसके चलते जिसकों जहां मन आया, वहां कॉलोनियां काट दी। करीब 400 कॉलोनियां अब भी ऐसी हैं, जिनके रहवासियों से टैक्स तो लिया जा रहा हैं, लेकिन सुविधा नहीं दी जा रही है। मैंने अपना दृष्टि पत्र आपके सामने रखा है, इसे आपके घर-घर पहुंचाऊंगा। उन्होंने यह भी कहा कि टीटी नगर को स्मार्ट सिटी बनाया जहां, ट्रैफिक व्यवस्था, सीवेज, पानी की समस्या गंभीर है।

बैरागढ़ के पास बनाएंगे कपड़े का औद्योगिक केंद्र

दिग्विजय ने कहा कि मेरा लक्ष्य है भोपाल शहर के आसपास सेटेलाइट टाउन बनाया जाए। बैरागढ़ कपड़े की बहुत बड़ी मंडी है, इसके आसपास कपड़ा और रेडिमेड कपड़े का औद्योगिक केंद्र बनाया जा सकता है। सीहोर में शक्कर कारखाने की कई जमीन खाली पड़ी है, वहां पर फूड प्रोसेसिंग प्लांट बनाया जा सकता है। बीएचईएल के अंदर खाली जमीन पर साफ्टवेयर पार्क बनाया जा सकता है। बड़ी-बड़ी कंपनियों का लॉजिस्टिक हब बन सकता है।

कार्यकर्ताओं पर हुए नाराज

जैसे ही दिग्विजय सभास्थल पहुंचे, मंच के पास कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। इससे दिग्विजय नाराज हो गए। उन्होंने सख्त लहजे में यह तक कह दिया कि यदि व्यवस्था नहीं बनाओगे तो मैं कोई भाषण नहीं दूंगा। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं की भीड़ को नियंत्रित किया और कुर्सियों पर बैठाया।