पीडब्ल्यूडी ने दीवारों पर लगाए निशान, कोलार सिक्स लेन प्रोजेक्ट: ललिता नगर से लेकर सर्वधर्म तक सड़क के दोनों ओर चार से 17 फीट तक निर्माण टूटेंगे
भोपाल. कोलार सिक्सलेन रोड की जद में कोलार का पूरा बाजार ही आ रहा है। कोलार रोड को कोलार तिराहा से चूनाभट्टी होते हुए गोल तक बीच में से बिंदु बनाकर बायीं ओर 45 फीट तो दायीं ओर 65 फीट पर निशान लगा दिए गए हैं। इससे ललिता नगर से लेकर सर्वधर्म के बीच का हिस्सा ज्यादा प्रभावित हो रहा।
700 मकान-दुकान आएंगे जद में
पीडब्ल्यूडी ने यहां रोड किनारे भवनों पर लाल रंग से निशान लगाकर लिख दिया है कि ये कितने फीट अंदर तक टूटेंगे। इसके अनुसार 80 फीसदी दुकानें पूरी तरह प्रभावित होंगी। पक्के भवनों की बात करें तो टूटने वालों में 70 से अधिक भवन आ रहे हैं, एक भवन में सात से आठ दुकानों के अनुसार 500 से अधिक दुकानें हैं। कई बड़े शेड भी टूटने में शामिल है। ऐसे में छोटे बड़े मिलाकर करीब 700 दुकान- घर टूटने में शामिल होन की स्थिति है। सर्वधर्म पर तो रोड किनारे की बहुमंजिला इमारतें आ रही है। ये पांच फीट तक भी तोड़ी तो पूरी चार मंजिल तक तोडऩा होगा। सीआइ स्क्वायर पर भी कई बड़े निर्माण पर 15 फीट तक निशान लगा दिए गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि ये निशान रात के समय लगाए गए, जिससे पता नहीं चल पाया कि आखिर क्या होगा? गौरतलब है कि कोलार नहर तिराहा से गोल तक 110 फीट चौड़ाई की रोड़ प्रस्तावित है। इसके ही अनुसार ही निशान लगाए गए हैं।
कोलार तिराहे तक बौद्ध मंदिर की बाउंड्री तक हटेंगी झुग्गियां- सिक्सलेन रोड के लिए किया गया चिह्नांकन कोलार तिराहे से शुरू हुआ। यहां पीएचइ, सिंचाई विभाग के साथ होटल मैनेजमेंट के भवन की बाउंड्री तोड़ी जाएगी। इसके सामने बौद्ध मंदिर परिसर की बाउंड्री तक जगह निकालने पूरी झुग्गियां हटाएंगे।
इससे आगे गट्स हॉस्पिटल की बाउंड्री हटेगी। यहां की मजार को भी हटाना होगा। ललीता नगर तक भी रोड किनारे निर्माणों को चार से दस फीट और इससे अधिक तक हटाने के लिए निशान लगे हैं। कोलार रोड 4 लेन चौड़ीकरण में जो घर तोड़े गए थे, उन्हें सिक्सलेन के लिए फिर तोड़ा जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर संजय मस्के के मुताबिक हमने निशान लगा दिए हैं। अब प्रशासन को अंतिम निर्णय लेना होगा। उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।