3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी की बड़ी छलांग, स्पेन को 5.93 बिलियन यूरो का किया निर्यात

Exports to Spain - एमपी में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्पेन के दौरे पर हैं।

4 min read
Google source verification
Exports of 5.93 billion euros from MP to Spain

Exports of 5.93 billion euros from MP to Spain

Exports to Spain - एमपी में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्पेन के दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने स्पेन की राजधानी मैड्रिड में इन्वेस्ट इन एमपी बिजनेस फोरम मीट को संबो‍धित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां निवेशकों से कहा कि मध्यप्रदेश भारत का सबसे तेजी से विकासशील प्रदेश है। यहां निवेश करना नि:संदेह फायदे का सौदा है। एमपी के औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह ने प्रदेश को अपार संभावनाओं का भरोसेमंद निवेश स्थल करार दिया। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल भारत से स्पेन को निर्यात में एमपी का योगदान 58.5 मिलियन यूरो का रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव एवं टूरिज्म विभाग के एमडी डॉ. इलैया राजा टी., एमपीआइडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला, फ्रेंड्स इन एमपी इन स्पेन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्योगपति व निवेशक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत और स्पेन को दो प्राचीन सभ्यताओं के संवाहक बताते हुए कहा कि दोनों देशों ने नैतिक मूल्यों के आधार पर अपनी पुरा संस्कृति को आगे बढ़ाया है। दोनों देश जुड़वा भाइयों की तरह हैं। अब विकास के मामले में भी हम मिलकर आगे बढ़ेंगे।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में खनिज, पर्यटन, बड़े उद्योग, फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री, तकनीकी विकास से जुड़े उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत में एमपी टूरिज्म सबसे तेजी बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश, भारत के मध्य क्षेत्र में स्थित है, इसलिए हम लॉजिस्टिक सेक्टर में अग्रणी बनने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश आंतरिक सड़कों, नेशनल हाईवेज, रेल और हवाई मार्ग से देश-विदेश से जुड़ा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों से प्रदेश की 18 प्रकार की हाईटेक औद्योगिक नीतियों का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल रहा है। प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, एग्री बेस्ड इंडस्ट्री और टेक्सटाईल सेक्टर में बड़ी संभावनाएं हैं। हम निवेशकों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने की क्षमता रखते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्पेन की शांतिप्रियता, सामुदायिक विकास, तकनीक के इस्तेमाल और फुटबॉल प्रेम ने भी यहां की अर्थव्यवस्था को बेहद मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि स्पेन आर्थिक व्यापार के मामले में भारत का छठा सबसे बड़ा साझेदार है। वर्तमान में स्पेन के साथ 9.32 बिलियन डॉलर का व्यापार हो रहा है।

हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस और एडवेंचर टूरिज्म में निवेश के अवसर

पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव चंद्रमौली शुक्ला ने कहा कि
मध्यप्रदेश, इतिहास और विरासत की भूमि है। भारत में स्थित यूनेस्को की 62 विश्व धरोहर है जिसमें से 18 मध्यप्रदेश में है। प्रदेश में 2 ज्योतिर्लिंग के साथ विश्व की प्राचीनतम नदियों में से एक और प्रदेश में पूजनीय नदी मां नर्मदा बहती है। मध्यप्रदेश पर्यटन नीति 2025 की विशेषता बताते हुए प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में निवेशकों के लिए प्रदेश में अपार संभावनाएं है। प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म आदि विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के अवसर है।

अपार संभावनाओं का भरोसेमंद स्थल

औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि एमपी अपार संभावनाओं का भरोसेमंद निवेश स्थल है। प्रदेश का भौगोलिक विस्तार, संसाधनों की उपलब्धता, कुशल मानव संसाधन और स्थिर नेतृत्व इसे उद्योगों के लिए सबसे उपयुक्त गंतव्य बनाते हैं।

राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि स्पेन और भारत के बीच व्यापारिक संबंध लगातार सुदृढ़ हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में भारत से स्पेन को 5.93 बिलियन यूरो का निर्यात हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश का योगदान 58.5 मिलियन यूरो का रहा। यह हमारी निर्यात क्षमता और वैश्विक बाजार की मांग के प्रति तत्परता को दर्शाता है। विशेष रूप से ऑर्गेनिक केमिकल्स, इलेक्ट्रिकल मशीनरी और वस्त्र जैसे क्षेत्र इसमें अग्रणी हैं।

शीर्ष नेतृत्व का संवाद निवेश की प्रतिबद्धता का संकेत

स्पेन में भारत के राजदूत दिनेश कुमार पटनायक ने कहा कि मध्यप्रदेश केवल सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उद्योग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी तीव्र विकास कर रहा है। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि राज्य का शीर्ष नेतृत्व स्वयं निवेशकों से संवाद कर रहा है, जो निवेश की सुरक्षा और प्रतिबद्ध सहयोग का संकेत है।

मध्यप्रदेश भारत का नया टेक हब

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का नया टेक हब बनकर उभर रहा है। देश की तकनीकी प्रगति अब बड़े शहरों से नहीं बल्कि भोपाल और इंदौर जैसे टियर टू शहरों से निर्धारित हो रही है और इस बदलाव में राज्य की अग्रणी भूमिका है। राज्य रिन्युएबल एनर्जी क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। यहां उद्योगों को 24x7 ग्रीन एनर्जी उपलब्ध कराने की क्षमता है, जो कि आईटी संबंधित उद्योगों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। दुबे ने कहा कि राज्य में टेक्नोलॉजी आधारित निवेश को बढ़ाने के लिए आईटी और संबंधित क्षेत्रों के लिये अलग-अलग नीतियां लागू की गई है। इन नीतियों में ड्रोन प्रमोशन एण्ड यूसेज, एवीजीसी, सेमीकण्डक्टर एवं आईटी, आईटीएस और ईएसडीएम नीति शामिल है। शीघ्र ही एमपी स्पेस टेक नीति-2025 भी लागू की जाएगी।

निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य

कार्यक्रम में स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन (FCEI) के अध्यक्ष जुआन इग्नासियो एन्त्रेकानालेस ने मध्यप्रदेश को निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि यह फोरम भारत और स्पेन के बीच आर्थिक सहयोग को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है और इसमें भाग लेकर वे स्वयं को सम्मानित अनुभव कर रहे हैं। जुआन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में अक्षय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, वस्त्र उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, आधारभूत संरचना और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

संबंधों को मिलेगी नई दिशा

जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि गौरव की बात है कि हम “इनक्रेडिबल इंडिया के हृदय” मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य ने व्यापार, पर्यटन, संस्कृति और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। डॉ. खाड़े ने विश्वास व्यक्त किया कि यह दौरा भारत-स्पेन संबंधों को एक नई दिशा प्रदान करेगा और दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूती देगा।

Story Loader