क्रिकेटरों को मैच फिक्सिंग और गलत लोगों के संपर्कों से बचने के लिए बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम को कैसिनों में जाने पर रोक लगा दी है।
अंग्रेजी अखबार 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस संबंध में निर्णय बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर और सचिव अनुराग ठाकुर की ओर से लिया गया।
दरअसल, ब्रिस्बेन से मेलबर्न पहुंची टीम इंडिया जिस होटल में ठहरी है, वहां ऑस्ट्रेलिया का प्रसिद्ध कैसिनो भी है। खिलाड़ियों के कैसिनों में जाने की आशंका में बीसीसीआई की ओर से यह प्रतिबंध लगाया गया है।
बता दें कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड, टीम इंडिया और क्रिकेट प्रशासकों की छवि को बेहतर बनाने की कोशिश में लगा हुआ है। ऐसे में बीसीसीआई मैच फिक्सिंग जैसी घटनाओं से सबक लेते हुए किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहती है।