5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

GT vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मुक़ाबले में छह रन से हराया, रवि बिश्नोई ने झटके 4 विकेट

GT vs RR: राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और बोर्ड पर 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन लगाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 204 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Apr 04, 2026

IPL 2026

राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हराया (photo- BCCI)

Gujarat Titans vs Rajasthan Royals, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 9वां मुक़ाबला गुजरात टाइटंस (GT) और पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्ले से और फिर गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 6 रन से हरा दिया। यह रॉयल्स की इस सीजन लगातार दूसरी जीत है।

211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत जोरदार रही। कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.6 ओवर में 78 रन जोड़े। कुशाग्र ने 18 रन बनाए। वहीं, सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 44 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। जोस बटलर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 14 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 4 रन ही बना सके। राहुल तेवितिया 6 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शाहरुख खान ने 4 गेंदों में 11 रन बनाए।

अंतिम ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने 30 गेंदों में 43 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। राशिद ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि रबाडा ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी के दो ओवर में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी की। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नांद्रे बर्गर और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट चटकाया।

इससे पहले टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत दमदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 70 रन जोड़े। वैभव ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। वहीं, यशस्वी ने 36 गेंदों में 55 रनों की शानदार पारी खेली।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरैल बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 42 गेंदों में 75 रनों की लाजवाब पारी खेली। जुरैल ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए। जुरैल ने दूसरे विकेट के लिए यशस्वी संग मिलकर 56 रनों की अहम साझेदारी निभाई। शिमरोन हेटमायर ने 8 गेंदों में 18 रन बनाए।

हालांकि, कप्तान रियान पराग बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 8 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा 7 रन बनाकर नाबाद रहे। जुरैल-यशस्वी की शानदार पारियों के दम पर राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाने में सफल रही। गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस की ओर से सर्वाधिक 2 विकेट कगिसो रबाडा ने चटकाए। यह राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी जीत है, जबकि गुजरात टाइटंस को इस सीजन की लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है।