
तिमंजिला रथ पर सवार हुए श्रद्धालु, जगह-जगह उतारी आरती
भोपाल. बावडि़या कला स्थित जैन मंदिर में पंचकल्याणक महोत्सव के समापन पर बुधवार को गजरथ यात्रा निकाली गई। इसमें तिमंजिला रथ सहित दो अन्य रथ, दो हाथी, ढोल ढमाके, केसरिया ध्वज खास आकर्षण का केंद्र थे। इस मौके पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए और विश्वशांति महायज्ञ का आयोजन किया। पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन जैन मुनि अजीत सागर महाराज, मुनि निर्दोष सागर , मुनि निर्लोभ सागर , मुनि निरूपम सागर , एलक दयासागर , एलक विवेकानंद सागर के सानिध्य में किया गया। सुबह विधि-विधान से धार्मिक क्रियाएं की गई।
रथ की छत के ऊपर भी बैठे नजर आए पात्र
शोभायात्रा में तीन मंजिला रथ के ऊपर विधान के प्रमुख पात्र बैठे हुए थे और जयकारे लगा रहे थे। रथ की सभी मंजिलों के साथ-साथ कुछ पात्र रथ की छत पर भी सवार थे। इस दौरान मुख्य मार्ग के पास बने गेट के पास से रथ निकल नहीं पाया। रथ की ऊंचाई अधिक थी और गेट का थोड़ा सा हिस्सा छोटा पड़ रहा था। ऐसे में यहां कुछ देर रथ रोककर गेट के ऊपरी हिस्से से बांस का एक हिस्सा निकाला गया, इसके बाद रथ आगे बढ़ा। मार्ग में जगह-जगह जिन प्रतिमाओं की आरती उतारी गई। इस मौके पर मनोज बांगा, प्रमोद हिमांशु , शशि टोंग्या, राजेन्द्र जैन, अशोक जैन सहित अनेक लोग मौजूद थे।
Published on:
04 May 2023 06:39 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
