भोपाल

गांधी विरुद्ध गोडसे: आज कांग्रेस प्रदेशभर में रहेगी मौन

ग्वालियर में नाथूराम गोडसे की प्रतिमा लगाए जाने को लेकर कांग्रेस ने शिवराज पर लगाए मौन समर्थन के आरोप।

2 min read
Nov 16, 2017

भोपाल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की ग्वालियर में प्रतिमा लगाए का पूरे प्रदेश में विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में प्रभावी विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इसके अलावा कांग्रेस 17 नवंबर से प्रदेशभर में विरोध का सिलसिला शुरू करेगी। जिला कांग्रेस ने नाथूराम गोडसे की मूर्ति आधारशिला मामले में ज़ीरो पर आपराधिक प्रकरण हबीबगंज थाने में शिकायत आवेदन दिया है।

संदेहास्पद है सीएम की चुप्पी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह की चुप्पी पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे राज्य में अपने इस मौन के माध्यम से फासीवाद और अराजकता की नींव को मजबूती देने पर आमादा है। वहीं नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भाजपा पर गांधी का अपमान करने के आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि साजिशन प्रदेश में गांधी जी की प्रतिमा को जलाया जा रहा है और गोडसे की प्रतिमा स्थापित हो रही है।

दुनिया में कहीं नहीं हुआ बापू का अपमान
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सरकार में पूरे विश्व में मध्यप्रदेश वह राज्य बना है जहां गांधी को अपमानित करने और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित होने का काम हो रहा है। गांधी की प्रतिमा को जलाया जा रहा है। भाजपा सरकार मुहं में गांधी और दिल में गोडसे को रखकर उनकी प्रतिमाएं स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिवराज बताएं कि उनकी सरकार गांधी जी के प्रति आस्था रखती है। जिसका नाम उनके मुहं में है या वह गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने वालों के साथ है, जिन्होंने बगैर अनुमति के हत्यारे की प्रतिमा को स्थापित किया।

जोरा में जलाई थी गांधी प्रतिमा
अजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर मुरैना जिले के जौरा में गांधी की प्रतिमा को जलाया गया और पूरी सरकार मौन रही। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता के साथ हुई इस अपमान पर दो शब्द बोलना भी जरूरी नहीं समझा। सिंह ने कहा कि भाजपा साजिशन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अपमानित कर रही है। यही कारण है कि गांधी की प्रतिमा को आग लगाकर उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा ग्वालियर में उनके ही विधारधारा की हिन्दू महासभा द्वारा स्थापित की जा रही है। चुप्पी बताती है कि यह जानबूझकर सोची समझे षडयंत्र का हिस्सा है।

प्रदेशभर में आज मौन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि इस घटना के विरोध में कांग्रेसजन 17 नवंबर को पूरे प्रदेश में सुबह 11.30 बजे स्थानीय गांधी प्रतिमाओं पर मौन धारण कर गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इसके साथ ही जिला कलेक्टरों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप तत्काल गौड़से की प्रतिमा जब्त करने की मांग करेंगे।

Published on:
16 Nov 2017 06:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर