शोभायात्रा के लिए जरिए लोगों को किया जागरुक - जवाहर चौक में हुआ आयोजन
भोपाल. गायत्री शक्तिपीठ द्वारा हर रविवार को शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत रविवार को शहर के जवाहर चौक में 24 घरों में एकसाथ गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। महिला पुरोहितों ने विधि विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार से यज्ञ कराया। इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
महिलाओं ने निकाली जागरुकता रैली
जवाहर चौक हनुमान मंदिर के पास कॉलोनी में यज्ञ का आयोजन किया गया। इस मौके पर हनुमान मंदिर के पास से कॉलोनी तक जागरुकता रैली भी निकाली गई। इस दौरान रहवासियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। इस दौरान अनेक लोगों को पौधे वितरित किए गए और कॉलोनियों में जगह-जगह पौधरोपण कर उनकी सुरक्षा का संकल्प स्थानीय लोगों को दिलाया गया। इस मौके पर अशोक सक्सेना, रघुनाथ प्रसाद, पंचानन शर्मा, अंजना परिहार, विमला सावले, शोभा रस्तोगी सहित अनेक लोग मौजूद थे।
अब तक 350 घरों में गायत्री महायज्ञ
गायत्री शक्तिपीठ की ओर से शहर में हर रविवार सहित अन्य अवकाश पर अलग-अलग कॉलोनियों में एक साथ एक समय पर गायत्री महायज्ञ किया जाता है। लगभग तीन घंटे तक चलने वाले इस यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर पर्यावरण शुदि्ध के लिए औषधीय हवन सामग्री से यज्ञ कराया जाता है। इसके तहत जनवरी से अब तक शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में तकरीबन 350 घरों में गायत्री महायज्ञ का आयोजन हो चुका है। आगे भी यह श्रृंखला जारी रहेगी।
महिला पुरोहितों के सान्निध्य में आयोजन
इस कार्यक्रम का आयोजन हर रविवार को शहर के अलग- अलग क्षेत्रों में किया जाता है। यह आयोजन महिला पुरोहितों द्वारा कराया जाता है। इसमें गायत्री शक्तिपीठ से जुड़ी महिला पुरोहित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह महायज्ञ कराती है। इसी के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित करती है।