4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी को बड़ी सौगात, जबलपुर में स्थापित होगा देश का सबसे बड़ा मल्टी फंक्शनल सिम्युलेटर

Multi-functional simulator- रिमोट ऑपरेशन की सुविधा से भी युक्त होगा सिम्युलेटर, प्लांट ट्रिपिंग जैसी घटनाओं में खासी कमी आएगी

2 min read
Google source verification
मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी

मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी - file pic

Multi-functional simulator- एमपी को बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के जबलपुर में देश का सबसे बड़ा मल्टी फंक्शनल सिम्युलेटर स्थापित किया जा रहा है। इसे मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी (MPPGCL) स्थापित करेगी। इस अत्याधुनिक सिम्युलेटर के माध्यम से इंजीनियरों को बिजली संयंत्रों के संचालन और नियंत्रण के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों के प्रबंधन का यथार्थपरक और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे प्लांट ट्रिपिंग जैसी घटनाओं में खासी कमी आएगी। सिम्युलेटर रिमोट ऑपरेशन की सुविधा से भी युक्त होगा।

देश का सबसे बड़ा मल्टी-फंक्शनल थर्मल एवं हाइड्रो ऑपरेटर ट्रेनिंग सिम्युलेटर जबलपुर के नयागांव स्थित पॉवर जनरेटिंग प्रशिक्षण संस्थान में स्थापित किया जाएगा। इससे पॉवर जनरेटिंग प्रशिक्षण संस्थान देशभर की विद्युत कंपनियों के इंजीनियरों व तकनीकी विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में स्थापित होगा। सिम्युलेटर की लागत करीब 14 करोड़ रुपए होगी।

प्रशिक्षण संस्थान में आधुनिक स्मार्ट कक्षाएं

मुख्य अभियंता मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कुमार कश्यप ने बताया कि प्रशिक्षण संस्थान में आधुनिक स्मार्ट कक्षाएं बनाई जा रही हैं। यहां कंपनी के सभी कॉडर के कार्मिकों को तकनीकी, वित्तीय व प्रबंधकीय विषयों पर समग्र प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान नवनियुक्त कार्मिकों व इंजीनियरों के लिए प्रेरण प्रशिक्षण (इंडक्शन ट्रेनिंग) का प्रमुख केंद्र होगा। कंपनी की मिड-कैरियर ट्रेनिंग पॉलिसी के अंतर्गत करंट चार्ज या पदोन्नति प्राप्त करने वाले सहायक अभियंता से लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता स्तर तक के कार्मिकों को विशेष रूप से संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लाभान्वित किया जाएगा।

प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 150 सीटों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ‘मंत्रा’ ऑडिटोरियम निर्माणाधीन है। इसमें सम्मेलन, सेमिनार, कार्यशालाएं एवं विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 21 कम्प्यूटर एवं समर्पित कार्यस्थलों से युक्त एक आधुनिक कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र भी विकसित किया जा रहा है। यहां ईआरपी, ऑटोकैड, प्राइमावेरा सहित विभिन्न तकनीकी एवं वित्तीय सॉफ्टवेयर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रमुख मशीनों के मॉडल स्थापित किए जाएंगे

प्रशिक्षण संस्थान में एक अत्याधुनिक मॉडल रूम एवं डिजिटल पुस्तकालय का विकास भी किया जा रहा है। यहां हाइड्रो एवं थर्मल पॉवर प्लांटों के कार्यशील मॉडल, कोल हैंडलिंग प्लांट, टरबाइन, जनरेटर, बॉयलर, ईएसपी, कंडेंसर एवं कूलिंग टावर जैसी प्रमुख मशीनों के मॉडल स्थापित किए जाएंगे।

बता दें कि मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग का यह संस्थान देश के ऊर्जा क्षेत्र में एक विशिष्ट एवं अग्रणी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उभर रहा है। कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम और डायरेक्टर कॉमर्शियल मिलिन्द भान्दक्कर के मार्गदर्शन में अनेक उपलब्धियां मिली हैं।