1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएम मोदी से मिले राज्यपाल मंगुभाई पटेल, कल उप राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात

राज्यपाल पटेल की कल उप राष्ट्रपति से मुलाकात होना है। राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी यह पहली अनौपचारिक मुलाकात है

2 min read
Google source verification
पीएम मोदी से मिले राज्यपाल मंगुभाई पटेल, कल उप राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात

पीएम मोदी से मिले राज्यपाल मंगुभाई पटेल, कल उप राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात

भोपाल। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री निवास पहुंंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। मध्यप्रदेश के राज्यपाल का पदभार ग्रहण करने के बाद पटेल की प्रधानमंत्री मोदी से यह प्रथम भेंट है। इस अवसर पर राज्यपाल पटेल की धर्मपत्नी नर्मदाबेन भी उपस्थित थीं। इस मुलाकात के मौके पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को प्रदेशवासियों की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया। मालूम हो राज्यपाल इन दिनों दिल्ली प्रवास पर हैं। एक दिन पहले गुरुवार को उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की थी। शनिवार को उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात का कार्यक्रम है।

दिल्ली प्रवास पर भी एम पी पर नजर —
विदिशा जिले के गंजबासौदा के ग्राम लाल पठार में हुई ह्दय विदारक घटना पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने इस घटना दुर्घटना पर शोक व्यक्त कर पीडि़तों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त की है। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी नई दिल्ली से दूरभाष पर ली। राज्यपाल ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस एवं विदिशा कलेक्टर को घायलों के लिये बेहतर उपचार व्यवस्थाओं और राहत पुनर्वास कार्यों को और अधिक तेज गति से करने के निर्देश दूरभाष पर दिए है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

8 जुलाई को संभाला राज्यपाल पद —
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने 8 जुलाई को राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभाली है। नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही वे सक्रिय हो गए हैं। राज्यपाल मंगुभाई का जन्म एक जून 1944 को गुजरात के नवसारी में हुआ था। वे गुजरात के नवसारी से पाँच बार और गणदेवी से एक बार विधायक रहे। उन्होंने 27 वर्ष तक विधायक के रूप में कार्य किया है। वे वर्ष 1997 से 2002 तक आदिम जाति कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री तथा वर्ष 2002 से 2012 तक आदिवासी कल्याण, वन और पर्यावरण मंत्री रहे हैं।