9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोलकाता से जूट, मुंबई से रेशम, सूरत से आती है फेंसी राखी, बाजार गुलजार

शहर के बाजारों में सजने लगे राखियों के स्टॉल, 200 से अधिक वैरायटियों की राखियां

2 min read
Google source verification

भोपाल.रक्षाबंधन पर्व के लिए लगभग पखवाड़े का समय है, ऐसे में शहर के बाजारों में राखियों के स्टॉल सजने लगे हैं। इस बार भी बाजारों में कई वैरायटियों की राखियां है। बच्चों के लिए जहां कार्टून कैरेक्टर की राखियां है, वहीं बड़ों के लिए देवी देवताओं की प्रतिमा लगी हुई राखियां है। इसके साथ ही अमेरिकन डाइमंड, कुंदन, मेटल, रेशम, सूती, जूट की भी कई राखियां बाजार में है। आमतौर पर शहर में कोलकाता, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, दिल्ली, जयपुर आदि स्थानों से राखियां आती है, वहीं कई लोग कच्चा माल लाकर भी यहां राखियां तैयार करते हैं।

रक्षाबंधन पर्व 19 अगस्त को मनाया जाएगा। इसके लिए पुराने और नए शहर में अधिकांश स्थानों पर राखियों के स्टॉल सजने लगे हैं, वहीं कुछ दुकानदार स्टाल लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इस बार पिछले साल की तुलना में दाम में भी खास फर्क नहीं है। पिछले साल की तरह ही इस बार भी राखियों के दाम है। बाजारों में 200 से अधिक वैरायटियों की राखियां है, जो 10 रुपए से लेकर 650 रुपए प्रतिनग तक है।

भैया भाभी राखी की अच्छी डिमांड

न्यू मार्केट के राखी विक्रेता सिंकदर ने बताया कि हमारे पास कई वैरायटियों की राखियां है। जयपुरी पैटर्न पर बनी भैया भाभी राखी काफी पसंद की जा रही है, जो 450 रुपए प्रतिनग है। यह दरदोजी, मोतियों से बनी बनी हुई है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इसी प्रकार कुंदन और अमेरिकन डायमंड की राखियों की वैरायटी भी जो काफी पसंद की जा रही है, इसकी कीमत 650 रुपए तक है। कोलकाता से जूट, मुंबई से रेशम, सूरत, अहमदाबाद की कई फैंसी राखियाें की वैरायटी है।

बच्चों को लुभा रहे कार्टून कैरेक्टर राखी

विक्रेता दीपक नामदेव ने बताया कि अभी कुछ ही राखियां खोली है। बच्चों को टेडी बियर, बाल गणेश, डोरेमान, छोटा भीम जैसे कैरेक्टर वाली राखियां खूब लुभा रही है, वहीं बड़ों के बीच में स्टोन, मेटल, सूती राखियां ज्यादा पसंद की जा रही है। इसी प्रकार देवी देवताओं की प्रतिमा, स्वास्तिक, ओम लगी राखियां भी चलन में है। हमारे पास 10 रुपए से 200 रुपए प्रतिनग तक राखियां मौजूद है। आने वाले दिनों में बढ़ेगी बिक्री राखी विक्रेताओं का कहना है कि इस बार पिछले साल की तुलना में दाम में बहुत ज्यादा अंतर नहीं है, जिस तरह राखियों के दाम पिछले साल थे, उसी तरह के दाम इस बार भी है। आने वाले दिनों में राखियों की बिक्री बढ़ने के साथ अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।

राखियों के दाम

अमेरिकन डायमंड की राखियां 250 से 650 रुपए

- मेटल और स्टोन 20 से 200 रुपए प्रतिनग

- बच्चों की राखियां 30 से 120

- चंदन की राखियां 30 से 120 रुपए दर्जन

- कुंदन की राखी 20 से 150 रुपए

- गोटा चांदी की राखी 300 से 450 रुपए

- भैया भाभी राखियां 350