भोपाल

लक्ष्मी की शादी में मुख्यमंत्री ने किया ममेरा, बोले- मामा की दुआएं लेती जा…।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह भी शामिल हुए, कृषि मंत्री कमल पटेल ने की बारात की अगवानी...।

3 min read
May 21, 2022
,,

खरगोन। एक माह बाद दंगा प्रभावित लक्ष्मी मुछाल के हाथ पीले हो गए। शादी में मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक शामिल हुए। इस शादी की खास बात यह थी कि इसमें ममेरा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सपत्निक शामिल हुए शिवराज ने लक्ष्मी को सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मामा की दुआएं लेती जा तुझको सुखी संसार मिले। कृषि मंत्री कमल पटेल ने गुजरात से आई बारात का स्वागत किया। अब लक्ष्मी दीपक के संग विदा हो गई।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह इस शादी में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लक्ष्मी मुछाल को आशीर्वाद दिया। खरगौन दंगे के कारण लक्ष्मी की शादी रुक गई थी, उसके घर में भी लूट-पाट की गई थी।

एक माह बाद ही सही दंगा प्रभावित लक्ष्मी मुछाल के हाथ पीले हो गए। गुजरात से बारात लेकर पहुंचे दीपक संघवी के साथ लक्ष्मी ने सात फेरे लिए। वादे के मुताबिक शादी में कृषि मंत्री कमल पटेल मामेरा लेकर पहुंचे। परिवार ने उनका स्वागत किया। उन्होंने भी नवयुगल को आशीर्वाद दिए। पटेल शाम करीब 4 बजे विवाह स्थल पहुंचे। सबसे पहले बारात का स्वागत किया। घोड़े पर सवार दूल्हे दीपक संघवी से चर्चा की। इसके बाद सीधे लक्ष्मी के घर पहुंचे। यहां मंडप के बीच ही मामेरा की परंपरा निभाई गयी। कृषि मंत्री अपने साथ दुल्हन के लिए आभूषण, फल, कपड़े व कई उपहार लेकर आए थे। गरीब परिवार की इस पीड़ा को पत्रिका ने अपने सामाजिक धर्म को निभाते हुए प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल करके शादी कराने का वचन दिया था। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अफसर व पुलिस बल तैनात रहा।

मंत्री बोले- मैंने निभाया भाई का फर्ज

कृषि व जिले के प्रभारी मंत्री पटेल ने लक्ष्मी के सिर पर हाथ रखते हुए कहा कि घबराना नहीं तुम्हारे भाई ने जो वादा किया था वो पूरा करने के लिए आया हूं। भाई-बहन का यह संबंध महज शादी तक सीमित नहीं है। जब भी तुम्हे जरूरत हो भाई की तरह याद करना मैं हमेशा खड़ा रहूंगा। यह संबंध जन्म-जन्म का हो गया है।

लक्ष्मी और दीपक के लगन समारोह के बाद दोनों रात करीब 8 बजे स्टेज पर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धर्मपत्नी के साथ वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़कर नव दंपत्ति को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिंता मत करना। तुम्हारा भाई प्रभारी मंत्री कमल पटेल वहां मौजूद है और मामा यहां बैठकर आशीर्वाद दे रहा है। करीब 10 मिनट की चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने नव युगल को विशेष उपहार देते हुए स्कूटी वाहन और वाशिंग मशीन भेंट की। मुख्यमंत्री इसके अलावा यह भी कहा कि खरगोन दंगे में अब तक जो राहत राशि पहुंचाई गई है, उसके अतिरिक्त 71 लाख रुपये और दिए जाएंगे। अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से यह राशि प्रभावितों को दी जाएगी। उन्होंने जल्द खरगोन आने की बात भी कही।

दूल्हे का स्वागत किया

विवाह स्थल पर पहुँचे कृषि मंत्री ने सबसे पहले घोड़े पर सवार दूल्हे दीपक संघवी का स्वागत किया और निमाड़ी परंपरा को निभाते हुए पेरावणी की। साथ ही दूल्हे के सर पर हाथ रखते हुए आशीर्वाद दिया।

मंत्री पटेल ने दुल्हन को ये दिए उपहार

मामेरा लेकर आये कृषि मंत्री श्री पटेल अपने साथ दुल्हन बहन के लिए कई उपहार लेकर आये। कृषि मंत्री ने मंडप में ही परंपरा अनुसार उपहार भी भेंट किये। इसमें फलों अलावा कपड़े और आभूषण आदि दिए। इस दौरान क्षेत्रीय सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, बड़वाह विधायक सचिन बिरला, खरगोन पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, पूर्व महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, रंजीत सिंह डंडीर, राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः

Updated on:
21 May 2022 04:54 pm
Published on:
21 May 2022 04:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर