
इंजीनियर के घर छापा: इतनी संपत्ति मिली की एक रात में गिनती नहीं कर पाए अधिकारी, सोना ही तौलते रहे गए; चांदी की थाली में करता था भोजन
भोपाल . मान सिंचाई परियोजना सीधी में पदस्थ जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सुनील व्यास के भोपाल और सीधी स्थित पांच ठिकानों पर लोकायुक्त विशेष पुलिस ने छापा मारा। मंगलवार तड़के 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चलती रही। छापे में एक किलो सोना, 11 किलो चांदी और करीब 2 लाख रुपए नकद मिले हैं। इसके अलावा सीहोर के बिजनोर गांव में 40 एकड़ एवं भोपाल के मेंडोरा में 0.50 एकड़ जमीन, गेहूंखेड़ा कोलार में फॉर्म हाउस मिला है। लोकायुक्त पुलिस संपत्ति का मूल्यांकन करा रही है।
अलीशान बंगला भी मिला
छापे में व्यास का भोपाल के गुलमोहर स्थित सिद्धार्थ निलयम का बंगला और सहयोग विहार शाहपुरा थाने के पास आलीशान मकान भी मिला है। सुनील के पिता एमएल व्यास अपेक्स बैंक से सेवानिवृत्त हैं। लोकायुक्त टीम ने उनके अरेरा कॉलोनी स्थित निवास पर भी छापा मारा। सुनील के बेटे आदित्य सिंह के गोविंदपुरा स्थित सेक्टर आई में दो कारखानों पर भी छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं, जिनका मूल्यांकन देर रात तक नहीं हो सका था। लोकायुक्त डीएसपी साधना सिंह और नवीन अवस्थी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इंजीनियर के घर में कार्रवाई के दौरान सोने और चांदी के बर्तन मिले हैं। बताया गया है कि इंजीनियर इन्हीं बर्तनों में खाना खाता है।
चार टीमों ने यहां की कार्रवाई
लोकायुक्त टीम ने सुनील व्यास के सिद्धार्थ निलयम स्थित मकान ई-1, सहयोग विहार के प्लॉट नंबर 67 के आलीशान मकान-दुकान, अरेरा कॉलोनी में एमएल व्यास के निवास एवं गोविंदपुरा स्थित कारखाने पर कार्रवाई की। इसके अलावा एक टीम सीधी स्थित आवास एवं दफ्तर पहुंची।
करोड़ों की संपत्ति
सुनील व्यास 20 साल पहले सब इंजीनियर के पद पर भर्ती हुए थे। पिता एमएल व्यास अपेक्स बैंक में मैनेजर थे। बताया जा रहा है कि भर्ती के दौरान सुनील व्यास को कम वेतन मिलता था। पदोन्नति और सातवां वेतनमान मिलने के बाद वेतनवृद्धि हुई। लोकायुक्त छापे में सिद्धार्थ निलयम में चार करोड़ का बंगला, सहयोग विहार में एक करोड़ से अधिक कीमत का प्लॉट और दुकान मिली है। सीहोर में 40 एकड़ जमीन, गेहूंखेड़ा में 0.25 एकड़ का फार्म हाउस और मेंडोर में 0.50 एकड़ जमीन मिली है। इनकी कीमत का आंकलन किया जा रहा है। छापे में 50 लाख से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और बर्तन मिले हैं। सुनील की उज्जैन में ससुराल है। बताया जा रहा है कि वहां भी उनकी संपत्ति है। जांच में दो बैंक लॉकर भी मिले हैं, जिन्हें सीज कराया गया है। इनकी जांच बुधवार को की जाएगी।
शिकायत पर कार्रवाई
सुनील व्यास के बारे में लोकायुक्त पुलिस को आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। इसके बाद लोकायुक्त ने अपराध क्रमांक 0/19 दर्ज किया। शिकायत के आधार पर दस्तावेजों का सत्यापन कराया तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद छापे की कार्रवाई की गई।
Published on:
03 Jul 2019 11:23 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
