
भोपाल। मध्यप्रदेश के नए कांग्रेस अध्यक्ष ( madhya pradesh congress president ) के नामों पर अटकलों का दौर जल्द ही समाप्त हो सकता है। दिल्ली में शुक्रवार को सुबह से ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ( sonia gandhi ) और मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ( kamal nath ) के बीच वार्ता का दौर जारी है। माना जा रहा है कि आजकल में ही नए कांग्रेस अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो सकता है। वहीं सूत्रों से खबर है कि मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया की विदाई हो सकती है, उनके स्थान पर मुकुल वासनिक को नया प्रभारी बनाया जा सकता है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ शुक्रवार को सुबह सोनिया गांधी से मुलाकात करने पहुंचे, जहां काफी देर तक उनसे चर्चाओं का दौर चलता रहा। माना जा रहा है कि नए अध्यक्ष का नाम तय कर लिया गया है, आजकल में ही इसकी घोषणा हो सकती है।
इनमें से कोई बनेगा अध्यक्ष
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नया कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष वही बनेगा जिसे कमलनाथ सुझाएंगे। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में मध्यप्रदेश के कई नेता सक्रिय हैं और उनके नामों की भी पैनल पर चर्चा हो चुकी है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री मुकेश नायक, वर्तमान मंत्री उमंग सिंगार, ओमकार सिंह मरकाम, कमलेश्वर पटेल, सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन के अलावा पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा के नाम भी चर्चाओं में शामिल रहे। सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय सचिवों की रिपोर्ट में ज्योतिरादित्य सिंधिया, अजय सिंह, अरुण यादव, मुकेश नायक, बाला बच्चन, सज्जन वर्मा, उमंग सिंगार के नाम प्रमुख रूप से थे।
नाम तय, घोषणा कभी भी
पार्टी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का फैसला कभी भी संभव है, यह निर्णय पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी को लेना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक लोकसभा चुनाव की हार के बाद ही पार्टी ने नए अध्यक्ष के लिए कार्यकर्ताओं से मंथन शुरू कर दिया था, इस संबंध में कार्यकर्ताओं से भी हार के कारणों को जाना गया था। नए अध्यक्ष को लेकर भी सभी से सलाह-मशविरा किया गया था।
बावरिया की विदाई, वासनिक आएंगे!
मध्यप्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रहे मंथन के बीच मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया की विदाई की भी अटकलें चल रही है, वहीं कहा जा रहा है कि उनके स्थान पर मुकुल वासनिक को नया प्रदेश प्रभारी बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी हार के बाद कांग्रेस ने अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बदल दिया, वहीं प्रदेश अध्यक्ष भी बदलने को कहा गया था। मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पहले ही पद छोड़ने की बात कर चुके थे, तभी से नए अध्यक्ष पर कांग्रेस किसी एक नाम को तय नहीं कर पा रही है।
वैष्णोदेवी जाएंगे कमलनाथ
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ गुरुवार शाम को ही दिल्ली रवाना हो गए थे। वे वैष्णोदेवी यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले वे दिल्ली प्रवास के दौरान शुक्रवार को पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी से मुलाकात करने रुक गए हैं। दोनों के बीच शुक्रवार सुबह से बातचीत का दौर चल रहा है। नए अध्यक्ष का नाम तय होते ही कमलनाथ एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत पर अध्यक्ष पद छोड़ देंगे।
Updated on:
30 Aug 2019 11:47 am
Published on:
30 Aug 2019 11:34 am

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
