19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP Election 2023: भाजपा की लिस्ट, मैहर विधायक का शक्ति प्रदर्शन और कांग्रेस का वचन पत्र आज

MP Election 2023: मध्यप्रदेश भाजपा की पांचवी सूची आज दिन में आ सकती है, जिसमें कई चौंकाने वाले नामों को जगह मिल सकती है। जबकि मैहर विधायक भाजपा छोड़ने के बाद आज पहली बार मैहर पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस आज अपना वचन पत्र कम चुनावी घोषणा पत्र रिलीज करेगी।

3 min read
Google source verification
shivraj Singh and kamalnath

आज भारतीय जनता पार्टी की पांचवी सूची आने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस सूची में करीब 60 नामों की घोषणा हो सकती है, इसके बाद भी कुछ नाम शेष रह जाएंगे। इस सूची में कई चौंकाने वाले नाम सामने आएंगे, जबकि कई विधायक और मंत्रियों के टिकट कटना तय माने जा रहे हैं। इसके साथ ही मैहर भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी आज शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं, खुद का टिकट कटने और भाजपा से इस्तीफा देने के बाद आज पहली बार नारायण मैहर पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही निगाहें आज कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भी हैं, जिसे वचन पत्र के नाम से कांग्रेस आज रिलीज करेगी।

कई नाम कटेंगे, तो कई नए को मौका
भाजपा ने अभी तक 136 उम्मीदवारों की घोषणा की है। जबकि कांग्रेस 144 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर चुकी है। आज भाजपा की पांचवी सूची आने की संभावना है, जिसमें 60 के करीब प्रत्याशियों की घोषणा होगी। इसमें शेष बचे मंत्रियों की सीटों पर भी फैसला हो जाएगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक महेंद्र सिसौदिया और बृजेंद्र यादव के टिकट का फैसला भी इस सूची में हो जाएगा। माना जा रहा है कि बृजेंद्र का टिकट कट सकता है, जबकि महेंद्र की वापसी हो सकती है। दूसरी ओर पूर्व मंत्री और विधायक सुरेंद्र पटवा की सीट पर भी फैसला हो सकता है। अभी तक भाजपा ने उनका टिकट घोषित नहीं किया है, कहा जा रहा है कि अगर सुरेंद्र पटवा का टिकट कटा तो वह कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। विंध्य की कई महत्वपूर्ण सीटों के बारे में भी कठिन फैसले आज भाजपा की लिस्ट में दिखाई दे सकते हैं। इस सूची के बाद भाजपा के भीतर नया बवाल देखने को मिल सकता है, क्योंकि जो सीटें रोकी गई हैं, इन पर कई तरह के विवाद हैं और दावेदारों की संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में भाजपा के भीतर विरोध की बड़ी आशंका है।

नारायण त्रिपाठी का शक्ति प्रदर्शन
भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी का भाजपा ने टिकट काट दिया है और उसके बाद नारायण त्रिपाठी ने भाजपा और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा था कि वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन अंदरखाने खबर है कि कांग्रेस ने अभी तक नारायण के टिकट पर हां नहीं कहा है, जिसके चलते नारायण त्रिपाठी उलझ गए हैं। दरअसल, नारायण त्रिपाठी ने कमलनाथ के भरोसे आकर भाजपा से विद्रोह कर दिया, लेकिन अब कमलनाथ स्थानीय संगठन के विरोध का हवाला देकर नारायण से कन्नी काट रहे हैं। भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी के साथ भी कांग्रेस ने कुछ यही किया है। उन्हें कांग्रेस में ज्वाइन करते वक्त टिकट का भरोसा दिया गया था, लेकिन ऐन मौके पर टिकट काट दिया गया। फिलहाल इन राजनीतिक हालातों में इस्तीफे के बाद नारायण त्रिपाठी आज पहली बार मैहर पहुंच रहे हैं। ऐसे में वह आज शक्ति प्रदर्शन करेंगे, जिस पर दोनों ही पार्टियों की निगाहें हैं। देखते हैं नारायण कितना चौंका पाते हैं।

मतदाताओं का लुभा पाएगा कांग्रेस का वचन पत्र
कांग्रेस का घोषणा पत्र कम वचन पत्र आज रवींद्र भवन में जारी किया जाएगा। प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ इसे जारी करेंगे। इसमें मतदाताओं को लुभाने के लिए कई तरह की नई बातें होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि अंदरखाने की बात यह है कि ज्यादातर वही बातें हैं जो कांग्रेस अब तक बोल चुकी है। चौंकाने वाले वादे इसमें कम ही देखने को मिल सकते हैं। हालांकि वचन पत्र को लेकर कांग्रेस के अंदरखाने खींचतान दिखाई दे रही है। कांग्रेस के दूसरे बड़े नेताओं को इस समारोह में शामिल होने का न्योता तक नहीं दिया गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि क्या अब कांग्रेस के भीतर भी नया बवाल शुरू होने वाला है।