
नवाब शाहजहां बेगम ने तो एक विशाल बाजार भी बनवाया
एमपी की राजधानी भोपाल को नवाबों के शहर के रूप में भी जाना जाता है। भोपाल रियासत में कुछ महिला नवाब भी रहीं जिन्होंने यहां कई शानदार इमारतें बनवाईं। इतना ही नहीं, नवाब शाहजहां बेगम ने तो एक विशाल बाजार भी बनवाया था। इलाके का यह सबसे बड़ा बाजार था जोकि परी बाजार के रूप में मशहूर हो गया।
परी बाजार का निर्माण करीब 140 साल पहले कराया गया था। नवाब शाहजहां बेगम ने जब इसे बनवाया तो महज कुछ हजार रुपए की लागत आई थी। रियासत की महिलाओं की सुविधा और उनकी जरूरतें पूरी करने के लिए बेगम ने परी बाजार का निर्माण कराया था।
देखते ही देखते यह बाजार पूरे इलाके में मशहूर हो गया। करीब एक एकड़ में फैले इस बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों का मेला सा लगने लगा था। खासतौर पर महिलाएं यहां आती थीं। चूंकि उस दौर में पर्दा प्रथा थी जिसके कारण बाजार में विशेष रूप से 15 फीट ऊंची दीवार बनाकर इसे महिलाओं के लिए सुरक्षित किया गया था।
परी बाजार में कई दुकानों के साथ मकान भी निर्मित किए गए। यहां आज भी 2 बड़े बंगलों समेत 21 दुकानें हैं। परी बाजार की एक और विशेषता यह है कि हरा भरा है। पूरा बाजार परिसर आम, जामुन, अमरूद, पीपल, नीम के पेड़ों से घिरा है। यहां लगे पेड़ों की संख्या 50 से भी ज्यादा है।
पेड़ों से भरा होने के कारण परी बाजार को अब पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। हालांकि इससे 140 साल पुराने परी बाजार का अस्तित्व पूरी तरह खत्म हो जाएगा पर नगर निगम का तर्क है कि पार्क खासतौर पर महिलाओं के लिए ही बनाया जा रहा है। महिलाओं के बाजार को लेकर कई नवाचार किए जा रहे हैं।
महिलाओं का यह पार्क तीन करोड़ रुपए की लागत से ढाई एकड़ में बनाया जाएगा। वार्ड 12 के शांति निकेतन कैलाश नगर क्षेत्र में नगर निगम महिलाओं की जरूरत के अनुसार इस पार्क को विकसित करेगा। जहां महिलाओं के लिए यहां दुकानें होंगी वहीं और पार्क में योग के लिए विशेष व्यवस्था होगी।
इस संबंध में भोपाल की महापौर मालती राय कहती हैं कि महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं विकसित करना हमारी परंपरा है। इसे मेंटेन करने पर भी फोकस रखा जाएगा। इस पार्क की मदद से महिलाओं को रोजगार का एक प्लेटफॉर्म भी मिलेगा।
ये होगा महिला पार्क में
महिलाओं के लिए अलग से सिटिंग एरिया, उनके लिए विशेष तौर पर ओपन जिम, जरूरत के सामान के लिए विशेष दुकानें, महिलाओं के योग, मीटिंग करने के साथ ही सुविधा के अनुसार झूले व अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। इस पार्क को बेहतर करने के लिए प्रसिद्ध महिलाओं के स्टैच्यू या उनकी जीवनी को भी बताया जाएगा।
परी बाजार एक नजर में
कितना पुराना- 140 साल
किसने बनवाया- नवाब शाहजहां बेगम
दायरा- लगभग एक एकड़
निर्मित मकान- 2 बड़े बंगलों समेत 21 दुकानें भी
आम, जामुन, अमरूद, पीपल, नीम के पेड़ों से घिरा परिसर
पेड़ों की संख्या- करीब 52
पर्दा प्रथा के कारण 15 फीट ऊंची दीवार बनाई गई थी
Published on:
08 Oct 2023 09:06 am

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
