13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोलार को नगर पालिका बनाने के लिए नोटिफिकेशन जारी

10 दिन में मांगे दावे-आपत्ति: भोपाल नगर-निगम के वार्ड 80 से 85 को अलग कर 30 नए वार्ड बनाने की तैयारी

2 min read
Google source verification
news

Kolar

भोपाल. कोलार को नगर-निगम भोपाल से अलग कर नगर पालिका बनाने कलेक्टर सुदाम खाडे ने बुधवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया। वार्ड 80 से 85 तक अलग कर पालिका बनाने के संबंध में गुरुवार से लेकर 10 कार्यालयीन दिवस में दावे-आपत्ति मांगे गए है। ये माता मंदिर स्थित नगर निगम कार्यालय और कलेक्टोरेट में लिए जाएंगे। छह वार्डों में 94.97 वर्ग किमी का एरिया आता है। इसे ही अपवर्जित करने के लिए दावे-आपत्ति बुलाए हैं।
नोटिफिकेशन में वार्ड 80 सर्वधर्म कोलार क्षेत्र व इसके अंतर्गत आने वाली कॉलोनियां, वार्ड 81 कान्हाकुंज, वार्ड 82 दानिशकुंज, वार्ड 83 सनखेड़ी, वार्ड 84 रतनपुर सड़क से हटकर, वार्ड 85 कटारा को शामिल किया है। इसमें वार्ड 80 से 84 तक का क्षेत्र कोलार में आता है। कटारा क्षेत्र अलग पड़ जाता है, जिसमें 11 मील भी है। कटारा में 25 कॉलोनियां बस चुकी हैं। बर्रई क्षेत्र कुछ साल पहले नगर निगम सीमा में शामिल हुआ है, इसे भी नगर पालिका में शामिल किया जा रहा है।

इस तरह चलेगी प्रक्रिया
छह वार्ड के संबंध में अभी दावे आपत्ति मांगे गए हैं। 10 दिन में पक्ष या विपक्ष में जितने दावे आपत्ति आएंगे उन्हें कमिश्नर के माध्यम से शासन के पास भेजा जाएगा। जनता का बहुमत जिधर होगा उस आधार पर शासन निर्णय लेगा।

पालिका को हरी झंडी मिलती है तो इन छह वार्डों का नए सिरे से परिसीमन कर 30 वार्ड बनाए जाएंगे। ऐसे में यहां पार्षदों की संख्या बढ़ेगी। राजनीतिक रूप से पार्टी को फायदा पहुंचेगा। विपक्षी पार्टी के पार्षदों के लिए परेशानी खड़ी होगी। इस कारण कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कोलार को नगर निगम से अलग कर नगर पालिका बनाने की घोषणा कर चुकी है।

पांच साल पहले किया था शामिल, बदलेंगी सीमाएं
2006 में कोलार को नगर पालिका बनाया गया था। इसमें 25 वार्ड आते थे, लेकिन 2104 में हुए परिसीमन के बाद इसमें 20 गांव को और शामिल कर नगर निगम सीमा में शामिल कर लिया। ऐसे में नगर निगम की वार्ड संख्या 79 से बढ़कर 85 हो गई। अब इसे फिर से अलग करने की तैयारी चल रही है। परिसीमन में वार्डों की सीमाएं बदलेंगी। इसका असर नगर निगम के बाकी 79 वार्डों पर भी पड़ेगा, क्योंकि इनकी सीमाओं का भी परिसीमन कर संख्या 85 की जाएगी।

ये क्षेत्र होंगे प्रभावित

- वार्ड, 80 दामखेड़ा, अंबेडकर नगर झुग्गी बस्ती,बंजारी, कांहाकुंज फेस-1, सर्वधर्म ए सेक्टर, महाबली नगर, सांईनाथ नगर, अमरनाथ कॉलोनी। इसी प्रकार वार्ड 81 में कांहाकुंज फेस-2, गेहूंखेड़ा, बैरागढ़ चीचली, मीना खेड़ी, अकबरपुर, रसूलिया जागीर, इनायतपुर। वार्ड 82 मंदाकिनी, दानिश कुंज, गुड शेफर्ड कॉलोनी, महाबली, कृष्ण करीम नगर, सूर्या कॉलोनी। वार्ड 83 अब्बास नगर, सनखेड़ी, गणेश नगर, अकबरपुर गांव, बांस खेड़ी, सनखेड़ी, सलैया। वार्ड 84 में हिनोतिया आलम, सोहागपुर देहरीकला, पिपलीय केशो, सेमरी कलां, इमलिया जरगर, सहित पांच अन्य क्षेत्र। कटारा वार्ड 85 में रापडिय़ा, पिपलिया कुंजनगढ़, भैरोंपुर, समरधा, कलियासोत, दीपड़ी, छान, बर्रई व अन्य कॉलोनी।

जनसंख्या पर पड़ेगा असर
लोकसभा चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में जिले में 19 लाख सात हजार 476 मतदाता हैं। इसमें से कोलार क्षेत्र की तीन लाख की आबादी घटा दी जाए तो ये संख्या 16 लाख सात हजार 476 रह जाएगी।

कोलार नगर पालिका के लिए दावे आपत्ति मांगे गए हैं। 10 दिन के अंदर लोग दावे आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
सुदाम खाड़े, कलेक्टर