गोल्डन गर्ल मनु ने लगाई हैट्रिक, नेशनल पिस्टल चैंपियनशिप में हरियाणा की ओलंपियन शूटर ने खुद को किया साबित, मां के हाथ का सादा खाना ही है पसंद
भोपाल. देश की गोल्डन गर्ल मनु भाकर ने नेशनल पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में अपना कमाल दिखाया. उन्होंने यहां गोल्डन हैट्रिक जमाई। मनु ने सीनियर, जूनियर और जूनियर टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की। गुरुवार को खेले गए अलग—अलग इवेंट के फाइनल में हरियाणा की इस शूटर ने एक नहीं बल्कि 4 गोल्ड मेडल जीत लिए। खास बात यह है कि इस चैंपियनशिप में मनु की मां उनके साथ रहने आई हैं.
इससे कुछ दिन पहले 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल जूनियर महिला एकल स्पर्धा में मनु गोल्ड जीतने में विफल रही थीं। उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने यहां सुबह और शाम को गहन अभ्यास किया और गोल्ड मेडल की झडी लगा दी.
मनु को हमेशा उनके पिता राम किशन भाकर चैंपियनशिप में लेकर जाते हैं, लेकिन इस बार किसी कारणवश वे भोपाल नहीं आए। इसलिए वह अपनी मां सुमेधा भाकर के साथ आई हैं। मनु 24 नवंबर को यहां पहुंची थीं। उनकी मां सुमेधा भाकर ने बताया कि मनु का पहला इवेंट 26 नवंबर को था। इसके लिए उसे प्रेक्टिस का समय नहीं मिला था। इस कारण वह थोड़ा नवर्स थी। इसलिए गोल्ड मेडल से चूक गई थी। हालांकि, उसने आगे बढ़ते हुए इस बार अपना बेस्ट दिया है। उन्होंने बताया कि मनु को मेरे हाथ का बना सादा खाना ही पसंद है। बाहर की चीजें अवाइड करती है। जब वो बाहर जाती है तो उसे अपने हाथ का बना खाना रख देती हूं। उसे जो भी बनाकर दो, वो खुशी-खुशी खा लेती है।
जूनियर के साथ सीनियर इवेंट में भी दबदबा
गुरुवार को मनु ने चार इवेंट में एक-एक गोल्ड मेडल जीते। सीनियर व्यक्तिगत और टीम इवेंट में मुन को एक-एक गोल्ड मिले, जबकि जूनियर व्यक्तिगत और टीम इवेंट में भी मनु गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहीं। प्रतियोगिता में मनु ने कुल चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता है। महिलाओं की 25 मीटर स्पोट्र्स पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर ने गोल्ड जीता। पुष्पांजलि राणा को सिल्वर और विधुती भाटिया को ब्रॉन्ज मेडल मिला। टीम स्पर्धा में हरियाणा ने गोल्ड जीता। इस टीम में मुन भाकर के साथ रिथम सांगवान और अनिता देवी की तिकड़ी शामिल रहीं। तेलंगाना को सिल्वर और महाराष्ट्र को ब्रॉन्ज मेडल मिला। इसी प्रकार 25 मीटर जूनियर स्पोट्र्स पिस्टल चैंपियनशिप में मनु भाकर ने गोल्ड, विधुती भाटिया ने सिल्वर और मेघना सदुला ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। जूनियर 25 मीटर स्पोट्र्स पिस्टल टीम चैंपियनशिप में हरियाणा ने गोल्ड जीता। टीम में मनु भाकर, रिथम सांगवान और तेजस्वनी शामिल रहीं। इस इवेंट में पंजाब को सिल्वर और दिल्ली को ब्रॉन्ज मेडल मिला।