1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पहले दिन जमकर तपाया, पारा पहुंचा 43.4

सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपे का हुआ आगाज.. नौतपे को लेकर ज्योतिषाचार्य, मौसम वैज्ञानिकों के अलग तर्क

2 min read
Google source verification
heat

पहले दिन जमकर तपाया, पारा पहुंचा 43.4

सीहोर।सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपे का आगाज हो गया। पहले दिन इसका असर देखने को मिला। तापमान के रिकार्ड तोड़ते ही गर्मी ने अपना कहर दिखाया। जिसने लोगों का इम्तिहान ले लिया। नौतपे के तपने से किसानों में अच्छी बारिश की उम्मीद जागी है। इधर नौतपे को लेकर ज्योतिषाचार्य और मौसम वैज्ञानिक के अलग मत हैं।

ज्योतिषाचार्य कह रहे हैं कि नौतपा खंडित होगा, मौसम वैज्ञानिक मौसम साफ रहने के साथ गर्मी पडऩे की बात कह रहे हैं। जिस नौतपे का किसान, आमजन को इंतजार था उसने शुक्रवार से दस्तक दे दी। पहले दिन अधिकतम तापमान 43.4 और न्यूनतम 29.2 रहा। मौसम साफ रहने से सुबह से गर्मी ने अहसास कराना शुरू कर दिया था। दिन में आग उगलने वाली गर्मी से लोगों का सामना हुआ। इससे उनको परेशानी भी उठाना पड़ी। लोगों की माने तो जितना नौतपा तपेगा, उतनी ही ज्यादा बारिश होगी। 2 जून को नौतपे की विदाई होगी।

15 से 23 किमी की गति से चलेगी हवा

मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर ने बताया कि नौतपे में तापमान बढ़ेगा। 15 से 23 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेगी। नौतपे में बूंदाबांदी, बारिश के कोई आसार नहीं बन रहे हैं। इससे पूरे 9 दिन तेज गर्मी पड़ेगी। बता दे कि 24 घंटे में अधिकतम तापमान 0.4 और न्यूनतम 1.4 गिरा है। तापमान गिरने के बाद भी हर दिन की तरह सुबह से शाम तक गर्मी पडऩे का सिलसिला जारी रहा।

खंडित होगा नौतपा

नौतपे की शुरूआत तो भीषण गर्मी से हुई है, लेकिन आगे इसके खंडित होने की भी बात कहीं जा रही है। ज्योतिषाचार्य और पंडित गणेश शर्मा की माने तो इस बार नौतपा खंडित होगा। इस कारण बारिश प्रभावित होकर खंडित होगी। यह रूक-रूककर बरसेगी। हालांकि ज्योतिषाचार्य यह भी कह रहे हैं कि पिछले साल की तुलना में इस साल ज्यादा और अच्छी बारिश होगी। 15 जून से इसके शुरू होने के आसार बन रहे हैं। बता दे कि मई महीने के अंत तक केरल में मानसून के पहुंचने की बात कही जा रही है। ऐसा हुआ तो यह जल्द ही प्रदेश में पहुंचेगा और बारिश शुरू हो जाएगी।

अच्छी बारिश के बन रहे आसार

नौतपे को तपता देख किसानों ने भी मानसून और बारिश का अनुमान लगाना शुरू कर दिया है। नयापुरा निवासी किसान राजमल मेवाड़ा ने बताया कि नौपते में पहले दिन से पता चल जाता है कि क्या स्थिति रहेगी। पहले दिन भीषण गर्मी पड़ी है तो वास्तविक है कि आगे भी यही स्थिति रहेगी। इससे अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। बारिश होने के बाद खरीफ फसल की बोवनी करेंगे। चांदबड़ के अजब सिंह राजपूत की माने तो किसान मौसम को देखकर खेती किसानी के काम में आगे बढ़ता है। नौतपा शुरू हुआ, उससे ऐसा लग रहा है कि ज्यादा बारिश होगी। इसके चलते तैयारी में जुट गए हैं।

Story Loader