10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सदन में हंगामा: महू में आदिवासी की मौत पर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

- कांग्रेस का सदन से वाकआउट

2 min read
Google source verification
mp_vidhan_sabha_1.png

भोपाल। महू में बुधवार रात आदिवासी युवक की मौत पर गुरुवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन ने आदिवासियों पर गोली चलाई। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आदिवासी युवती की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने भीड़ से बचने के लिए फायरिंग की। इसमें युवक की जान चली गई। सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेसी गर्भगृह में आकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने सरकार पर आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। राज्य सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

किसने क्या कहा ?
प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़े हैं। एनसीआरबी के आंकड़े इसके गवाह हैं। राज्य में 18 साल में भाजपा सरकार ने यह हासिल किया है कि मध्यप्रदेश को आदिवासी अत्याचार के 13 मुकुट मिले हैं। बाकी 5 बार प्रदेश दूसरे नंबर पर रहा है।
- कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

आरोपी यदुनंदन पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ उनकी पुत्री रहती थी। पानी गर्म करने वाली रॉड से करंट लगने से युवती की मौत होने की बात सामने आई है। भीड़ ने पुलिस चौकी को घेर लिया था, आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने फायरिंग की।
- नरोत्तम मिश्रा, गृह मंत्री

लड़की की मां सीधे-सीधे आरोप लगा रही है कि उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। गृहमंत्री ने लड़की का चरित्र चित्रण पहले से कर दिया कि वह लिव इन में रहती थी।
- विजयलक्ष्मी साधौ, कांग्रेस विधायक

कांग्रेस ने गठित की जांच कमेटी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जांच कमेटी गठित की है। जांच के लिए आदिवासी विधायकों का दल रवाना हो गया। जांच दल में कांतिलाल भूरिया, बाला बच्चन, झूमा सोलंकी और पाचीलाल मेड़ा शामिल हैं। इंदौर के प्रभारी महेंद्र जोशी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। यह दल घटना की सच्चाई पता करेगा और पीडि़त लोगों से बातचीत करेगा। दल अपनी रिपोर्ट कमलनाथ को सौंपेगा।

इधर, हंगामे के बाद धारा 144 लगाई : मृतक युवक के परिवार के सदस्य को मिलेगी सरकारी नौकरी
डॉ. आंबेडकर नगर (महू) के डोंगरगांव पुलिस चौकी पर हुए पथराव, उपद्रव और आगजनी के बाद देर रात पुलिस ने हवाई फायर किए थे। इसी दौरान एक आदिवासी युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटनास्थल के हालात बिगड़ते देख कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने तत्काल पांच थाना क्षेत्रों में धारा 144 लगा दी।

मृतक भेरूलाल के अंतिम संस्कार में गुरुवार को कलेक्टर शामिल हुए और पिता मदनलाल को 10 लाख रुपए का चेक दिया। बता दें कि बुधवार सुबह खरगोन निवासी कविता पिता पांचीलाल डावर की कंरट लगने से गवली पलासिया में मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन और आदिवासी समुदाय ने डोंगरगांव चौकी पर चक्काजाम कर पथराव किया था। इसमें बडग़ोंदा टीआइ सहित 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। वहीं एक आदिवासी युवक की मौत और एक घायल हो गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना को लेकर एक वीडियो जारी हुआ है। जिसमें पुलिसकर्मी हवाई फायर न करते हुए सीधे सामने की ओर गोली चला रहे है। इस दौरान तीन फायर हुए। इसका वीडियो एक युवती ने बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भीड़ द्वारा चौकी पर पथराव किया गया था। आत्मरक्षा में पुलिस ने हवाई फायर किया। दुखद घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
- राकेश गुप्ता, dआइजी, इंदौर रेंज