
गुंडा और बेईमान के खिलाफ जिस मंच से कांग्रेस पर हमला बोल रहे थे मोदी, उसी मंच पर मौजूद थे भाजपा के दागी विधायक
भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनसभा करते हुए कांग्रेस औऱ कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पीएम मोदी ने कमलनाथ के उस वीडियो का जिक्र किया जिसमें वो कहते दिख रहे थे कि , कैसा भी नेता हो मुझे जीतने वाला उम्मीदवार चाहिए। पीएम मोदी ने इस वीडियो को आधार बनाते हुए कहा, मध्यप्रदेश अध्यक्ष कहते हैं कि गुंडा चलेगा, बेईमान चलेगा, भ्रष्टचारी चलेगा मुझे कोई भी उमीदवार चलेगा बस जीतने वाला चाहिए। जिन लोगों ने ऐसे उम्मीदवारों को चुना है, ऐसे लोगों के हाथ में मध्यप्रदेश देना चाहिए क्या? हालांकि इस दौरान पीएम मोदी ये भूल गए कि जिस मंच से वो कांग्रेस नेताओं पर हमला कर रहे है उसे मंच में उन्हीं पार्टी के एक दागी नेता भी मौजूद थे।
पीएम मोदी ने करवा परिचय: मंच पर पहुंचकर पीएम मोदी ने छिंदवाड़ा में अपने उम्मीदवारों का परिचय करवाया। इस दौरान मंच पर सिवनी से भाजपा के उम्मीदवार दिनेश राय मुनमुन भी मौजूद थे। मुनमुन के खिलाफ एक महिला को गाली देने का आरोप है। वहीं, उनके खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिवनी की अदालत में एक महिला को गाली देने का आरोप लगा है। 2013 में सिवनी से निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की मौजूदगी में राय ने भाजपा की सदस्यता ली थी। दिनेश शराब कारोबारी भी हैं।
चुनाव आयोग में शिकायत करेगी कांग्रेस: कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने बताया, कांग्रेस चुनाव आयोग को मोदीजी के छिन्दवाड़ा में दिये गये झूठे भाषण की शिकायत करेगी। उन्होंने कहा, कमलनाथजी के एक झूठे, एडिटेड, फ़ेक वीडियो की पूर्व में ही चुनाव आयोग को शिकायत कर इसको पोस्ट करने वालों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग कर चुकी है। चुनाव आयोग कांग्रेस की शिकायत पर इसकी जांच भी करवा रहा है और आज देश के सर्वोच्च पद पर बैठे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बड़ा झूठ परोस गये। इस वीडियो में जो नहीं है , उसको उन्होंने अपने भाषण में बोला। कांग्रेस इसकी चुनाव आयोग को शिकायत दर्ज करवाएगी और इस झूठे भाषण पर कार्यवाही की मांग करेगी।
Updated on:
18 Nov 2018, 5:09 PM IST
Published on:
18 Nov 2018, 5:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.