17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भाेपाल दौरा अहम- ऐसे समझें इस दौरे के मायने

- सियासी दौरा: मध्यप्रदेश को सौगात मिलने की आस- 4 महीने बाद फिर शाही दौरा, 1 दिन में ही पांच कार्यक्रम

2 min read
Google source verification
home_minister_amit_shah.png

भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार देर रात भोपाल पहुंच गए। वे यहां 22 अगस्त को पांच कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सियासी तौर पर उनकी दौरा अहम है। शाह यहां मुख्य रूप से मध्य परिषद् की बैठक में शिरकत करेंगे। इसमें मध्यप्रदेश 18 मुद्दों को केंद्रीय मंत्री के सामने रखेगा।

इसमें खास पुलिस आधुनिकीकरण से जुड़े मामले हैं। इस बैठक में उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी रहेंगे। शाह पुलिस, सहकारिता और शिक्षा नीति के कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

भाजपा संसदीय बोर्ड के गठन के बाद यह शाह का पहला मध्यप्रदेश दौरा है। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। इस लिहाज से गृह मंत्री का यह दौरान अहम माना जा रहा है। शाह यहां मध्यप्रदेश को सौगात देने के साथ सियासी नब्ज भी टटोल सकते हैं।

इससे पहले गृह मंत्री ने 22 अप्रेल को भोपाल में वन समितियों के सम्मेलन में शिरकत की थी। तब वे भोपाल में नेशनल फॉरेंसिंक साइंस यूनिवर्सिटी का ऐलान कर गए थे। अब दूसरे दौरे में इसका भूमिपूजन करेंगे। इससे पहले प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भूपेंद्र सिंह ने रविवार को अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों की तैयारी का जायजा लिया।

ऐसे समझें शाह के कार्यक्रम
- सुबह 11 बजे: मध्य परिषद् की बैठक होगी। फिर लाल परेड जाकर हैलीकॉप्टर से रवाना होंगे।
- दोपहर 2.30 बजे: नेशनल फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी के भोपाल कैंपस के भूमिपूजन कार्यक्रम में जाएंगे।
- दोपहर 3.50 बजे: रवींद्र भवन में पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- शाम 5.15 बजे: विधानसभा में शिक्षा नीति पर संगोष्ठी में शामिल होंगे। शाम 6.30 बजे शाह मुख्यमंत्री निवास जाएंगे।
- शाम 7.45 बजे से ताज होटल में सहकारी संस्थाओं की बैठक में शामिल होंगे। रात 9.10 बजे स्टेट हैंगर से दिल्ली रवाना होंगे।

ठाकरे जन्मशताब्दी के तहत शिक्षा संगोष्ठी-
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री शाम 4.30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष के तहत विधानसभा परिसर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर संगोष्ठी वैचारिक प्रबोधन देंगे। इसका सभी जिला मुख्यालयों पर प्रसारण किया जाएगा।

ऐसे समझें इस दौरे के मायने
- मध्यप्रदेश केन्द्र सरकार और अमित शाह के फोकस पर है। वजह एक दिन में यहां उनके पांच कार्यक्रम होना हैं।
- उनके दौरे से सीएम शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को सियासी ताकत मिलेगी। कद मजबूत होंगे।
- विधानसभा चुनाव के डेढ़ साल पहले शाह अपने दौरे में प्रदेश की सियासी नब्ज भी टटोल पाएंगे।
- भाजपा की सियासत पर अनुसूचित जाति-जनजाति वोट बैंक हैं। मध्य परिषद् की बैठक पर चर्चा होना है। इससे प्रदेश फोकस में रहेगा।
- लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह दौरा अहम है। सूबे में लोकसभा की एक सीट कांग्रेस की बची है।
- हाल ही में हुए निकाय-पंचायत चुनावों में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। इसे लेकर भी सियासी रुख देख सकते हैं।

शिवराज बोले- शाह का आगमन सौगात भरा होगा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, केंद्रीय गृह मंत्री शाह का यह दौरा प्रदेश के लिए महत्त्वपूर्ण और सौगात भरा होगा। मैं इसे मध्यप्रदेश का सौभाग्य मानता हूं कि मध्य क्षेत्रीय परिषद् की बैठक शाह की अध्यक्षता में की जा रही है।

बैठक में अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण, किसान-कल्याण, महिलाओं और बच्चों के विरुध अपराध की विवेचना, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, नक्सलवाद विषयों की रोकथाम के लिए व्यापक विचार-विमर्श होगा, जिसका लाभ चारों राज्यों को मिलेगा। इधर, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार शाम भोपाल पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री चौहान से सौजन्य भेंट की।