Rain Alert- मध्यप्रदेश में बुधवार को कई जगहों पर आंधी चली और पानी गिरा।
Rain Alert- मध्यप्रदेश में बुधवार को कई जगहों पर आंधी चली और पानी गिरा। इंदौर में तेज आंधी चली जिससे पेड़ गिरे। आंधी के कारण यहां मुंबई से आया इंडिगो का विमान लैंड नहीं कर पाई जिसपर उसे भोपाल में उतारा गया। इंदौर में ही तेज हवा से मंच गिर जाने से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बाल-बाल बच गए। राजधानी भोपाल में भी शाम को आंधी चली। देवास में आंधी से पेड़ और होर्डिंग्स गिरे। प्रदेश के करीब आधा दर्जन जिलों में बारिश के समाचार हैं। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में 2 दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मंदसौर जिले में शामगढ़ और सीतामऊ में जमकर बारिश हुई। रूपनी चौपाटी पर ओले भी गिरे। रतलाम के आलोट में आंधी चली जिससे पेड़ उखड़ गए। यहां बारिश भी हुई जबकि शाजापुर में भी आंधी के साथ हल्की बरसात हुई। सीहोर जिले के आष्टा में भी आंधी चली और बारिश हुई। आगर समेत कई अन्य जिलों में भी पानी गिरा।
प्रदेश के कई जिलों में रात में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आगर, देवास, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, राजगढ़, खंडवा, हरदा, सीहोर, शाजापुर जिलों में रात में हल्की बरसात होने का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक आंधी चलने का अनुमान व्यक्त किया है।
राज्य के कुछ हिस्सों में चक्रवातीय परिसंचरण और टर्फ की सक्रियता के कारण पिछले 2-3 दिन से पानी गिर रहा है। 2 मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसका कम से कम दो दिनों तक प्रभाव रहेगा। इससे 2 और 3 मई को अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान प्रदेश के करीब 40 जिलों में बरसात हो सकती है।