23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में भीषण गर्मी, 42 जिलों में लू का अलर्ट, नौगांव-खजुराहो प्रदेश के सबसे गर्म शहर

MP Heatwave Alert : एमपी के अधिकतर जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा तापमान छतरपुर का नौगांव 46.8 डिग्री तापमान के रिकॉर्ड हुआ है।

2 min read
Google source verification
MP Heatwave Alert

एमपी में भीषण गर्मी (Photo Source- Patrika

Severe Heat in MP :मध्य प्रदेश में आगामी दो दिन बाद यानी 25 मई से नौतपा शुरू होना है, लेकिन उससे पहले ही राज्य के सभी जिलों में भीषण गर्मी के साथ साथ अधिकतर जिले लू की चपेट में हैं। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में सूरज आग उगल रहा है। हालात ये हैं कि, शनिवार सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। लोग घर से निकलते समय छाता, गमछा और दुपट्टे का सहारा ले रहे हैं।

राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में सबसे गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में तेज लू चलने की चेतावनी दी गई है।

नौगांव सबसे गर्म, 46.8 डिग्री पहुंचा पारा

शुक्रवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में पारा 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री तथा दमोह और नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ और सागर में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास बना रहा। लगातार बढ़ती गर्मी से दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं।

बड़े शहरों में भी गर्मी का कहर

प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में जबलपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री तापमान पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।

31 मई तक जारी रहेगा भीषण गर्मी का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक, 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के साथ ही गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है। विभाग ने 26 मई तक के लिए जारी पूर्वानुमान में साफ कहा है कि पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। वहीं 31 मई तक तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत अधिकांश शहरों में दिन और रात दोनों समय गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा

मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए रेड अलर्ट वाले जिलों में टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना को रखा गया है। जबकि ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा। इसके अलावा येलो अलर्ट वाले जिलों में भोपाल, उज्जैन, रतलाम, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, शहडोल, सिंगरौली, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत 18 जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। ऐसे में लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।