12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोहरे और कड़ाके की ठंड, घोषित हुआ तीव्र शीतल दिन

राजधानी में रात का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस पर आया तो दिन में भी तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे रहा

2 min read
Google source verification
Temperature

Temperature

भोपाल. हिमालय से आ रहीं उत्तरी सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट आई है। राजधानी में रात का तापमान शुक्रवार की तुलना में दो डिग्री कम हुआ और आठ डिग्री पर पहुंच गया। दिन में कोहरे और धुंध ने सूरज की किरणों को रोके रखा। इससे सर्द हवाएं चुभती रहीं। अधिकतम तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है। ये 18.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम था। इसके चलते मौसम विभाग ने शनिवार को तीव्र शीतल दिन घोषित किया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रविवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

शहर में सुबह 11 बजे तक रही धुंध
शनिवार सुबह 11 बजे तक धुंध रही। इससे न्यूनतम तापमान दो डिग्री कम होकर 8.4 डिग्री हो गया। सुबह साढ़े छह से सात बजे के बीच दृश्यता 200 से 50 मीटर पर आ गई। दिन में कोहरा कम हुआ, लेकिन धूप कम निकली।

दिन में शूल सी चुभीं सर्द हवाएं
शनिवार को दिन में तापमान शुक्रवार की तुलना में 2.3 डिग्री कम रहा। पश्चिम में चक्रवात के पूर्वी मप्र में शिफ्ट होने से बादल छंटे और उत्तरी हवाएं असर दिखा रही हैं। 21 को हिमालयीन क्षेत्रों से एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, इससे तापमान बढ़ेगा।

जनवरी में होते हैं कोहरे के 2 से 3 दिन
मौसम विशेषज्ञ उदय सरवटे बताते हैं कि भोपाल में जनवरी में दो से तीन दिन कोहरे के होते हैं। इस बार 18 में से 12 दिन कोहरा पड़ा है जो अपने आप में रिकॉर्ड है। इस वर्ष वातावरण में नमी बहुत ज्यादा है और पानी गिरता रहा है, इसके चलते कोहरा ज्यादा पड़ रहा है।

दिनभर दृश्यता
सुबह 5.30 50 मीटर
सुबह 7.30 100 मीटर
सुबह 8.30 50 मीटर
सुबह 9.30 50 मीटर
सुबह 10.30 600 मीटर
सुबह 11.00 1500 मीटर

चार घंटे तक लेट आईं ट्रेनें, शताब्दी एक्सप्रेस को किया री-शेड्यूल
उत्तर भारत में पड़ रहे कोहरे के कारण दिल्ली रूट से भोपाल आने वाली ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे लेट चल रही हैं। शनिवार को 24 से अधिक ट्रेनें आधा घंटे से लेकर 4.30 घंटे तक की देरी से भोपाल आईं। 12002 नई दिल्ली-हबीबगंज शताब्दी एक्सप्रेस 2.15 घंटे की देरी से आई। इस वजह से वापसी में 12001 हबीबगंज-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित समय दोपहर तीन बजे से ढाई घंटे री-शेड्यूल कर शाम 5.30 बजे रवाना की गई। दक्षिण एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और भोपाल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें चार घंटे की देरी से आईं।

ट्रेन लेट
तमिलनाडु एक्स. 04 घंटे
कुशीनगर एक्स. 4.16 घंटे
दक्षिण एक्स. 4.20 घंटे
कर्नाटक एक्स. 3.45 घंटे
भोपाल एक्स. 3.40 घंटे
पंजाब मेल 3.08 घंटे
शताब्दी एक्स. 2.51 घंटे
मालवा एक्स. 2.35 घंटे
अमृतसर एक्स. 2.52 घंटे
गोरखपुर एक्स. 2.52 घंटे
यशवंतपुर संपर्कक्रांति 2.01 घंटे
छत्तीसगढ़ एक्स. 1.15 घंटे
जीटी एक्स. 2.20 घंटे
जोधपुर-भोपाल 1.14 घंटे
कामायनी एक्स. 0.30 मिनट