बागमुगालिया एक्सटेंशन अरविंद विहार साउथ में सडक़ जर्जरअरविंद विहार साउथ भेल. राजधानी के बीचो-बीच बसी बागमुगालिया एक्सटेंशन की पॉश कॉलोनी अरविंद विहार साउथ में लाखों रुपए की लागत से बनाया गया पार्क बदहाल है। कॉलोनी के मुख्य गेट पर कचरा फेंका जा रहा है। सडक़ें बदहाल है, जहां से चलना मुश्किल हो रहा है।
रहवासियों की माने तो कई बार इन समस्याओं को नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों तक को अवगत करा चुके हैं, इसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बता दें अरविंद विहार साउथ यह यहां की पॉश कॉलोनियों में शुमार है। इसके बाद भी यह हालात बनें हुए हैं। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि राजधानी की अन्य कॉलोनियों और बस्तियों के क्या हाल होंगे।
कॉलोनी के मुख्य गेट पर कचरे का ढेर
बता दें कि बागमुगालिया एक्सटेंशन के अरविंद विहार साउथ कॉलोनी के मुख्य गेट पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। इसे देखकर लगता है कि कॉलोनी का पूरा कचरा यहीं पर डंप किया जाता है। जबकि यहीं पर कॉलोनी में आने-जाने का गेट लगा हुआ है। ऐसे में सुरक्षा तो दूर, लोगों को कचरे से उठने वाली बदबू और गंदगी के कारण जीना मुहाल हो रहा है।
जगह-जगह सडक़ जर्जर
कॉलोनी में जगह-जगह सडक़ जर्जर हो चुकी है, इकसे बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में यहीं से कॉलोनी के रहवासियों का आना-जाना होता है। स्ट्रीट लाइट भी बंद है।
पार्क में बने हैं मिट्टी के टीले, टूटे पड़े हैं झूले
अरविंद विहार साउथ फेस स्थित पार्क लाखों रुपए से बनाया गया है। यहां हाई मास्ट लाइट के साथ ही कुर्सी, पाथवे, झूले, आदि लगाए गए हैं। लेकिन नगर निगम की लापरवाही और अनदेखी से यह दिन-ब-दिन बदहाल होता जा रहा है। यहां पार्क को समतल करने के लिए मिट्टी डाली गई थी, लेकिन यह मिट्टी वहीं पड़ी हुई है, जिससे पार्क के बीचो-बीच मिट्टी के टीले बने हुए हैं। ऐसे में यहां बच्चों को खेलने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। पार्क में बड़ी-बड़ी घास उग आई है, जिससे जहरीले जीव जंतु और कीड़े मकोड़े के काटने का डर बना रहता है।
इससे यहां बच्चे खेलने नहीं आते और घरों में कैद होकर रह गए हैं। वे दिन भर मोबाइल में बिजी रहते हैं, जिससे उनका शारीरिक विकास नहीं हो पा रहा है। यहां लगाए गए झूले टूटे पड़े हैं। किसी की मचिया टूटी है तो कोई चलने लायक नहीं बचा है। नगर निगम की इस अनदेखी और लापरवाही का खामियाजा कॉलोनी के रहवासियों और बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। पार्क में पाथवे तो है पर घास उगी होने से बुजुर्ग और महिलाएं यहां नहीं आती हैं। उन्हें सुबह-शाम कॉलोनी की सडक़ों पर टहलना पड़ रहा है।
यहां घास उगी होने से मच्छर और बीमारियां फैल रही हैं। यह पार्क मेजर अजय कुमार की याद में बनाया गया है, लेकिन नगर निगम की अनदेखी के कारण दिन-ब-दिन बदहाल होता जा रहा है। निगम पार्क को सुधार दे तो हम लोग भी इसमें मदद करेंगे और बेहतर बनाएंगे।
संजीव दीक्षित, रहवासी, अरविंद विहार साउथ
नगर निगम यहां की घास काट कर इस पार्क को साथ सुथरा करे, ताकि लोग यहां आकर बैठें और सुबह-शाम टहल सकें। यहां मिट्टी के टीले को समतल मैदान की तरह बनाएं, ताकि पार्क में बच्चे खेल सकें। कॉलोनी के लोगों की भी सहभागिता होनी चाहिए। जब तब वे आगे नहीं आएंगे, तब तक काम नहीं हो सकता।
राजीव दीक्षित, अरविंद विहार
यहां उगी गाजर घास को दो बार कटवा चुके हैं। नगर निगम पाथवे बनाकर चला गया, लेकिन देखरेख नहीं हो पा रही है। झूले टूटे पड़े हैं, मिट्टी का ढेर लगा हुआ है। नगर निगम ने यहां पौधे और घास लगाने की बात कही थी, पर नहीं किया गया। यहां शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। यह सही तरीके से बन जाए तो हम लोग भी इसमें मदद करें।
योगेश जौहरी, अरविंद विहार