
भोपाल। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और भोपाल जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पीसी शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शर्मा के इस्तीफे के बाद राजनीति गर्मा गई है। उनके इस्तीफे को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस कार्यालय पर भी उनके समर्थकों का जुटना शुरू हो गया है।
भोपाल दक्षिण से विधायक रहे कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है। शर्मा ने बताया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी के लिए अपने पद से इस्तीफा दिया है।
इस संबंध में कांग्रेस पार्षद गुड्डू चौहान ने पत्रिका को बताया कि हाल ही में कांग्रेस कार्यालय में हुई मीटिंग में उन्होंने यह कहा था कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हर कार्यकर्ता तक जमीनी स्थर पर तैयारी करना है, हर कार्यकर्ता तक संपर्क कर बूथवार तैयारी करना है, ऐसे में जिला अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और प्रवक्ता के पद की जिम्मेदारी के कारण समय कम निकाल पाते हैं। इसलिए शर्मा ने आग्रह किया था। इधर एक टीवी चैनल को दिए चैनल में पीसी शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
शर्मा के बारे में खास
-झुग्गी-झोपड़ी नेता के रूप में शुरू की थी राजनीति।
-कांग्रेस नेता पीसी शर्मा दिग्विजय सरकार के वक्त भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रह चुके हैं।
-शर्मा भोपाल दक्षिण से पहली विधायक बने थे।
-पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें भोपाल सीट से टिकट दी गई थी, लेकिन मोदी लहर में वे यह सीट नहीं निकाल सके।
पिछले साल भी हुई थी कांग्रेस में बगावत
बताया जाता है कि पिछले विधानसभा चुनाव के पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस में राजनीति गर्माई थी और कई नेता बागी हो गए थे। बरसों से पार्टी के लिए काम कर रहे नेताओं को टिकट नहीं देने से भी असंतोष बढ़ गया था।
जिले में अच्छी छवि
पूर्व विधायक और जिला अध्यक्ष पीसी शर्मा की छवि भोपाल जिले में स्वच्छ मानी जाती है। वे हर व्यक्ति की मदद के लिए हमेशा मौजूद रहते हैं, इसलिए उनके पार कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज भी है। कई बार वे अपनी ही पार्टी के दिग्गज नेताओं की उपेक्षा के शिकार हो चुके हैं, लेकिन अब तक कांग्रेस का दामन थाम के बैठे हैं। पिछले चुनाव में भी उन्हें विधानसभा का टिकट नहीं दिए जाने से उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगी थीं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा। वे कई बार विवादित बयानों से भी सुर्खियों में रहे।
Updated on:
3 Dec 2017, 6:17 PM IST
Published on:
3 Dec 2017, 1:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.