20 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक हाथ में वचन पत्र दूसरे में विजन डाक्यूमेंट लेकर करेंगे काम : कमलनाथ

प्रदेश की समृद्धि का रोडमैप है कमलनाथ का दृष्टि पत्र : मनमोहन सिंह

4 min read
Google source verification

भोपाल

image

Arun Tiwari

Dec 18, 2019

एक हाथ में वचन पत्र दूसरे में विजन डाक्यूमेंट लेकर करेंगे काम : कमलनाथ

एक हाथ में वचन पत्र दूसरे में विजन डाक्यूमेंट लेकर करेंगे काम : कमलनाथ

भोपाल : मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सरकार के एक साल पूरे होने पर अगले पांच साल का विजन डाक्यूमेंट भी लोगों के सामने पेश किया है। सरकार के विजन टू डिलेवरी रोडमैप 2020-25 का विमोचन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने किया। इस मौके पर मनमोहन सिंह ने कहा कि ये विजन डाक्यूमेंट प्रदेश की जनता की उम्मीदों और प्राथमिकताओं का दस्तावेज है। ये प्रदेश की आर्थिक समृद्धि का रोडमैप है। इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध और फोकस्ड दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि एक साल में कमलनाथ प्रदेश को सामाजिक-आर्थिक उन्नति की तरफ ले गए हैं। मनमोहन सिंह ने कहा कि सूक्ष्म और वृहद स्तर पर अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा कर रोजगार उत्पन्न करने के प्रयास सराहनीय हैं।

- विजन टू डिलेवरी रोडमैप 2020-25 का विमोचन

उन्होंने कहा कि इस दृष्टि पत्र में आम नागरिकों, किसानों के कल्याण, निरंतर विकास और सूक्ष्म स्तर पर अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का विजन है तो असंगठित क्षेत्र को गति देने और अधोसंरचना का विकास करने जैसे विषयों को प्राथमिकता पर रखा गया है। उन्होंने किसानों की जय किसान फसल ऋण माफी, नया सवेरा और आयुष्मान भारत जैसी योजना के क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों में कमलनाथ का विकास संकल्प नजर आता है। उन्होंने कहा कि फूड प्रासेसिंग, निवेश और सेवा क्षेत्र पर ध्यान देने से ज्यादा से ज्यादा संख्या में रोजगार मुहैया हो सकेंगे। स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने से गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।

- लोगों की अपेक्षाओं के अनुरुप हो सरकार की कार्यशैली : कमलनाथ

स्वास्थ्य के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों की संख्या और सीटें बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने से भविष्य में स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मैग्नीफिसेंट मध्यप्रदेश जैसे आयोजन से उद्योग क्षेत्र में घरेलू और विदेशी पूंजी निवेश बढ़ाने में मदद मिलेगी। डू इट योरसेल्फ गवर्नेंस व्यवस्था को दूसरे चरण में ले जाने से प्रशासन में भी पारदर्शिता बढ़ेगी। पंचायत राज संस्थाओं और स्थानीय संस्थाओं के संसाधनों और क्षमता को मजबूत बनाने पर ध्यान देने से प्रशासन तंत्र मजबूत होगा और दृष्टि पत्र को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।

पुरानी सरकार का बोझ और खाली खजाना हमारी सबसे बड़ी चुनौती : कमलनाथ

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हमारे सामने कई चुनौतियां थी। एक ओर वचन पत्र के वादों को पूरा करना था तो दूसरी ओर इसके लिए हमें राशि की आवश्यकता थी। विरासत में खाली तिजोरी मिली थी। कई ऐसी योजनाएँ पूर्ववर्ती सरकार ने अंतिम दिनों में शुरू की थी जिनका बजट में कोई प्रावधान नहीं था। उन्होंने कहा कि मक्का पर बोनस देने की बात कही गई लेकिन बजट में उसकी कोई राशि नहीं रखी। बिजली बिल की सब्सिडी पर एक हजार करोड़ का बोझ पड़ा जबकि बजट में सिर्फ 50 करोड़ रखे गए। फसल बीमा के 1700 करोड़ का अतिरिक्त बोझ लेकिन बजट में कुछ नहीं था। इस बोझ और खाली खजाने के साथ हमने काम शुरु किया।

- ये विजन की सरकार टेलीविजन की नहीं : कमलनाथ

उन्होंने कहा कि ये विजन की सरकार है टेलीविजन की नहीं। हमें जनता का सर्टिफिकेट चाहिए, हम होर्डिंग,बैनर वाले नहीं हैं। सीएम ने कहा कि हमने एक साल में 365 वचन पूरे किए हैं। हमने पहले चरण में डिफाल्टर के साथ-साथ 50 हजार तक के चालू खाते वाले किसानों का कर्ज माफ किया। दूसरा चरण आज से शुरु हो गया है। इसमें हम एक लाख तक के कर्ज को माफ करने जा रहे हैं।

कमलनाथ ने कहा कि हम दो लाख तक के कर्ज वाले एक-एक पात्र किसान का कर्ज माफ करेंगे,ये हमारा वचन है और इसे हम पूरा करेंगे। हमने 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देकर 85 लाख लोगों को फायदा पहुंचाया। तेंदूपत्ता संग्राहकों की मजदूरी में इजाफा किया। ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण दिया। वृद्धजनों की पेंशन 300 से बढ़ाकर 600 रुपए की। रेत के लिए नई नीति लाकर अवैध उत्खनन पर रोक लगाई। कई नियमों को सरल किया। नौजवानों के हाथों में रोजगार देने के लिए निवेश पर फोकस किया। निवेशकों के लिए प्रदेश में विश्वास का वातावरण बनाया। कन्या विवाह के लिए 51 रुपए की राशि की।


सीएम ने कहा कि हमने अगले पांच सालों का रोडमैप बनाने की शुरुआत की है। हम विज्ञापन और प्रचार पर भरोसा नहीं रखते। हमरा मकसद व्यवस्था परिवर्तन का है। ये राजनीतिक विचार नहीं है बल्कि इसे नीचे तक पहुंचाना है। जनता की आशाएं,अपेक्षाएं हमसे जुड़ी हैं, हमारी कार्यशैली में हमारी सोच और परिवर्तन नजर आना चाहिए। हम विजन डाक्यूमेंट का क्रियान्वयन कर विकास का नया इतिहास लिखेंगे।

एक हाथ में वचन पत्र तो दूसरे विजन डाक्यूमेंट लेकर काम करेंगे। हमने शुद्ध का युद्ध शुरु किया ताकि नकली खाद्य पदार्थों से लोगों को निजात मिल सके। यहां कौन आना चाहेगा जब माफिया हावी रहेगा, हमने माफिया के खिलाफ कार्रवाई शुरु की है। ये सबका सपना है। और ये सपना तभी पूरा होगा जब सभी लोग हमारा सहयोग करेंगे,जनता हमारे साथ भागीदार बनेगी।

अब्दुल जब्बार को इंदिरा गांधी समाज सेवा पुरस्कार :

डॉ. मनमोहन सिंह ने गैस पीडि़त महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित गैस पीडि़त महिला उद्योग संगठन के संयोजक रहे अब्दुल जब्बार को मरणोपरांत राज्य सरकार के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी समाज सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया। अब्दुल जब्बार की पत्नी सायरा बानो ने पुरस्कार ग्रहण किया इस पुरस्कार में दस लाख रूपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने सरकार का एक साल पूरा होने पर उठाए गए कल्याणकारी कदमों और निर्णय का उल्लेख करते हुए लोगों के विकास के लिए तैयार किए गए विजन टू डिलीवरी 2020-25 की विशेषताओं की चर्चा की। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, वित्त मंत्री तरुण भनोट समेत सरकार के सभी मंत्री,विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद थे।

विजन डाक्यूमेंट के छह प्रमुख बिंदु :

विजन डाक्यूमेंट के छह प्रमुख बिंदु बिंदु तय किए गए हैं जिनमें आर्थिक समृद्धि, सामाजिक समानता, सांस्कृतिक जीवन शैली, पर्यावरण संरक्षण, अधोसंरचना विकास और सहयोगात्मक प्रबंधन शामिल है। इन छह बिंदुओं को 11 सेक्टर में बांटा गया है। इनमें आद्योगिक विकास, कृषि, शिक्षा,स्वास्थ्य और पोषण, समावेशी विकास और संस्कृति, विरासत और पर्यटन, युवा कल्याण, खेल, सिंचाई, उर्जा और पर्यावरण,शहरी विकास, ग्रामीण विकास और सुशासन है।