
MV Act 2019 के तहत सरकार ने वसूला करोड़ों का जुर्माना,दो महीने में टूटे रिकॉर्ड
(भुवनेश्वर): सड़क हादसों में हो रही मौतों की संख्या को कम करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कड़े यातायात नियमों को मंजूरी दी गई। एक सितंबर से मोटर कानून एमवी एक्ट 2019 पूरे देश में लागू किया गया। कई राज्यों में इसमें कुछ संशोधन कर लागू किया गया। ओडिशा ने इसे यथावत लागू किया। जुर्माना वसूली के जरिए सरकार ने बड़ा राजस्व प्राप्त किया है।
एक सितंबर से एक नवंबर तक नए मोटर कानून एमवी एक्ट 2019 के तहत ओडिशा में काटे गए चालान की वसूली के जरिए एक करोड़ पांच लाख 34 हजार 760 रुपया सरकारी खजाने में आया। नए यातायात कानून (मोटर व्हीकल (संशोधन) एक्ट 2019 लागू होने के बाद पुलिस द्वारा काटे गए चालान से यह रकम बतौर राजस्व प्राप्त हुई। यह जानकारी विधानसभा में परिवहन मंत्री पद्मनाभ बेहरा ने एक सवाल के जवाब में दी। इसमें से 5,317 लोग बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाते पकड़े गए जिनसे 46 लाख 850 रुपया वसूला गया। बिनां इंश्योरेंस के गाड़ी चलाने वाले 2,111 लोगों से 13 लाख 79 हजार 700 रुपया वसूला गया। कुल 490 लोग नशे में गाड़ी चलाते मिले जिनसे 7 लाख 38 हजार 100 रुपया वसूला गया।
ओडिशा सरकार ने यह कानून एक सितंबर को लागू किया था और चार दिन के भीतर ही 88.90 लाख रुपया वसूला गया था। नए मोटर कानून में चालान काटकर वसूली में ओडिशा के बाद हरियाणा का नंबर आता है।
Published on:
14 Nov 2019 06:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
