9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

21 से 84 साल तक की महिलाओं के हाथ गांवों की बागडोर

143 महिला सरपंचों के जिम्मे ग्राम पंचायतों का विकास  

2 min read
Google source verification
21 से 84 साल तक की महिलाओं के हाथ गांवों की बागडोर

21 से 84 साल तक की महिलाओं के हाथ गांवों की बागडोर

बीकानेर. जिले की 143 ग्राम पंचायतों में महिलाओं के हाथ गांवों की बागडोर है। इन ग्राम पंचायतों में चुनी गई महिला सरपंच घर-परिवार के संचालन के साथ-साथ अब ग्राम पंचायत का विकास भी करवाएगी। पंचायत चुनाव में जिले की छह पंचायत समितियों की 238 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के लिए चुनाव हुई। इनमें 143 ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच चुनी गई है। सरपंच के लिए चुनी गई महिलाओं की आयु 21 से 84 साल तक है। सरपंच चुनी गई महिलाओं में सर्वाधिक 21 से 30 वर्ष आयु की है। जबकि दो महिला सरपंच 80 से अधिक आयु की है। सबसे कम आयु और सबसे अधिक आयु में चुनी गई सरपंच भी महिलाएं ही है।

30 वर्ष आयु तक की 45 महिला सरपंच
पंचायत चुनाव में इस बार सर्वाधिक ग्राम पंचायतों की कमान युवा महिला सरपंचों के हाथ में है। चुनाव में 21 से 30 वर्ष आयु तक की सर्वाधिक महिला सरपंच चुनी गई है। जबकि 31 से 40 वर्ष आयु तक की महिला सरपंचों की संख्या 28 है। युवा महिला सरपंचों में पूगल पंचायत समिति में 11, कोलायत में 10, बज्जू में 3, लूणकरनसर में 7, बीकानेर में 11 तथा खाजूवाला में 3 युवा महिला सरपंच चुनी गई है। जिनकी आयु 21 से 30 वर्ष तक है।

बीकानेर पंचायत समिति में सर्वाधिक महिला सरपंच
बीकानेर पंचायत समिति की 52 ग्राम पंचायतों में से इस बार 33 ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच चुनी गई है। जबकि लूणकरनसर पंचायत समिति में 30, बज्जू खालसा पंचायत समिति में 15, कोलायत पंचायत समिति में 28, पूगल में 20 और खाजूवाला पंचायत समिति में 17 महिला सरपंच चुनी गई है। जिले में पंचायत चुनाव में 238 ग्राम पंचायतों में सरपंच के लिए चुनाव हुआ। जिनमें 143 ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच निर्वाचित हुई।

21 वर्ष की आयु में संभाली सरपंच की कुर्सी
जिले की तीन ग्राम पंचायतों में सबसे युवा महिला सरपंच चुनी गई है। पूगल पंचायत समिति की ग्राम पंचायत आडूरी में सीमा तथा इसी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत शिवनगर में रोशनी ने 21 वर्ष की आयु में सरपंच का जिम्मा संभाला है। जबकि कोलायत पंचायत समिति की ग्राम पंचायत हदां में 21 वर्ष की आयु में सुशीला सुथार सरपंच बनी है।

उम्र 80 पार जिम्मा ग्राम पंचायत का विकास
उम्र के जिस पड़ाव में व्यक्ति घर-परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर परिवार का संचालन करते है, उस आयु में दो महिलाओं ने उम्र को दरकिनार कर ग्राम पंचायत के विकास का बीड़ा उठाया है और महिला सरपंच चुनी गई है। बीकानेर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गीगासर में सबसे अधिक आयु की महिला सरपंच फूसी चुनी गई है। सरपंच फूसी की आयु 84 वर्ष है। जबकि बीकानेर पंचायत समिति की ही ग्राम पंचायत रामसर में 83 वर्ष की आयु में सुरजा सरपंच चुनी गई है। इन दोनो महिलाओं ने पुरुष प्रतिद्वंदियों को पराजित कर सरपंच चुनी गई है।