
गज्जेवाला गांव में चौपाल पर चर्चा करते ग्रामीण। फोटो पत्रिका
Operation Sindoor Anniversary: बीकानेर। पश्चिमी सरहद के निकटवर्ती इलाकों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का प्रतीक बन गया है। एक वर्ष बाद भी इसकी गूंज गांव-गांव की चौपालों में सुनाई देती है, जहां बुजुर्गों की यादों और युवाओं के जोश में यह अभियान जीवित है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों में आज भी जब चौपाल सजती है, तो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की चर्चा खुद-ब-खुद शुरू हो जाती है। ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि सेना के साहस, रणनीति और अनुशासन का जीवंत उदाहरण है। बुजुर्ग अपनी आंखों देखी घटनाएं साझा करते हैं, वहीं युवा इन कहानियों से प्रेरणा लेते हैं।
यह ऑपरेशन सीमावर्ती समाज में “सुरक्षा की सामूहिक चेतना” पैदा करने वाला टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि इस अभियान के बाद सेना और नागरिकों के बीच भरोसा पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है। सरहद पर तैनात जवान अकेले नहीं, पूरा गांव उनके साथ खड़ा है… यही भावना अब इन इलाकों की पहचान बन गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लागू ब्लैकआउट ने ग्रामीण जीवनशैली को सीधे प्रभावित किया। कोलायत तहसील के गज्जेवाला गांव के सामाजिक कार्यकर्ता ललित कालीराणा बताते हैं…पहले शादियां रात में होती थीं। डीजे और रोशनी से दुश्मन को गतिविधियों का अंदेशा हो सकता है। लिहाजा, अब दिन में शादियां करना नई परंपरा बन गई है। यह बदलाव केवल सुरक्षा का उपाय नहीं, बल्कि स्थानीय परंपराओं का “रणनीतिक पुनर्गठन” है। गज्जेवाला, खियेरा, फतुवाला, बरसलपुर, राववाला, भुरासर जैसे सीमा से सटे गांवों में यह बदलाव साफ नजर आता है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद ग्रामीणों ने आर्थिक व्यवहार में भी बदलाव किया है। किसान अब फसल को स्टॉक करने के बजाय तुरंत बेच देते हैं। वजह किसी भी आकस्मिक हालात के लिए तैयार रहना। गज्जेवाला के ललित कालीराणा के अनुसार, अब इंतजार नहीं, सुरक्षा पहले…यही सोच बन गई है।
खाजूवाला के सरदही गांव (14 बीडी) निवासी दिनेश कुमार कस्वां बताते हैं कि ऑपरेशन के समय भी युवा सेना के साथ खड़े थे। आज भी जरूरत पड़ने पर पूरी ताकत से सहयोग करेंगे। साथ ही, सेना के जवान समय-समय पर गांवों में आकर हालचाल लेते हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश देते हैं।सीमा सुरक्षा अब केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि “जन-सहभागिता का मॉडल” बन चुकी है।
एक साल बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की असली सफलता सिर्फ सैन्य उपलब्धि में नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवनशैली में बदलाव के रूप में दिख रही है। नागरिक-सेना तालमेल और सतर्कता की नई संस्कृति में यह साफ दिखाई देती है। सरहद के ये गांव अब सिर्फ सीमावर्ती नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा के सजग प्रहरी बन चुके हैं।
Published on:
07 May 2026 03:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
